प्रवर्तक प्रकाशमुनिजी के सानिध्य में कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने प्रदान किये सौभाग्य विभूषण, सौभाग्य भूषण एवं सौभाग्यश्री पुरस्कार




रतलाम, 29 नवंबर। श्रमण संघीय प्रवर्तक श्री प्रकाशमुनिजी म.सा. के 66 वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सागोद रोड़ स्थित श्री सौभाग्य तीर्थ में रविवार को पद्म पुरस्कार स्वरुप गुरु श्री सौभाग्य गौरव पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इसमें एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप के मुख्य आतिथ्य में समाज की विशिष्ट विभूतियों को सौभाग्य विभूषण, सौभाग्य भूषण एवं सौभाग्यश्री पुरस्कार प्रदान किये गये। गरोठ के विधायक चंदरसिंह सिसौदिया एवं कलेक्टर अजय कटेसरिया अतिथि रहे। स्वागत अध्यक्ष वरिष्ठ समाजसेवी जयकुमार मुणोत थे। समारोह को प्रवर्तक श्री प्रकाशमुनिजी, श्री दर्शनमुनिजी, श्री चंदनबालाजी आदि ठाणा-2 एवं श्री सुमनप्रभाजी आदि ठाणा-8 एव आयंबिल आराधिका महासती प्रफुल्ला जी मसा आदि ठाणा ने पावन सानिध्य प्रदान किया।
मुख्य अतिथि श्री काश्यप ने भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड सदस्य मुंबई के डॉ. गिरीश जयंतीलाल शाह को सौभाग्य विभूषण पुरस्कार प्रदान किया। इसमें 2.5 लाख रुपये, स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र दिया। पद्मश्री निलेश विनोदचंद्र मांडलेवाला एवं डॉ. शर्मिला ओसवाल जैन को सौभाग्य भूषण पुरस्कार के रुप में 1.5 लाख रुपये तथा डॉ. गौतम भंसाली, शिल्पा मेहता एवं आयुष जैन को सौभाग्य श्री पुरस्कार के रुप में 1 लाख रुपये के साथ स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र भेंट किया गया। सौभाग्य विभूषण डॉ. गिरीश शाह ने पुरस्कार में मिली 2.5 लाख की राशि में अपनी ओर से 2.5 लाख रु. मिलाकर 5 लाख रुपये जरुरतमंदों की मदद के लिए प्रदान कर दिए।
डॉ. शाह ने समारोह में समाजजनों से बुद्धि का सदुपयोग करने का आव्हान करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बुद्धि को उपयोग किया जिससे आज सम्मानित हो रहे हैं। विडंबना है कि कई लोग एक-दूसरे की बुराईयों में समय व्यतीत कर रहे हैं और परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति कोई चिंतन नहीं करते। जीवदया के कार्य पर भी डॉ.शाह ने विस्तार से प्रकाश डाला। आरंभ में स्वागत भाषण श्रीसंघ के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश मूणत ने दिया। उन्होंने बताया कि प्रवर्तक श्री की निश्रा में रतलाम चातुर्मास के दौरान 5 माह तक धर्म की गंगा बही है और समाजजनों को वितराग वाणी सुनने का अवसर मिला है। इससे सभी गौरवान्वित हैं। समारोह में श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट, चातुर्मास समिति-2026 रतलाम एवं गुरु श्री सौभाग्य गौरव पुरस्कार समिति नाशिक द्वारा कैबिनेट मंत्री श्री काश्यप का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह से बहुमान किया गया। चातुर्मास के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर समिति ने पूर्व अध्यक्ष प्रकाश मूणत का भी बहुमान किया। ट्रस्ट सचिव मीतेश गादिया ने श्री मूणत के कार्यों पर प्रकाश डाला। समारोह का संचालन पुरस्कार संयोजक शैलेष छगनलाल बाफना पीपलगांव ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
मालव केसरी जी का जीवन बड़ा परोपकारी रहा – प्रवर्तक श्री
पुरस्कार वितरण समारोह में आशीर्वचन देते हुए प्रवर्तक प्रकाशमुनिजी ने कहा कि गुरुदेव मालव केसरी जी का जीवन बड़ा परोपकारी रहा। वे रात्रि में साधना करते और दिन में समाज के साथ रहते थे। उन्होंने विशाल श्रमण संघ का निर्माण किया और समाज के क्षेत्र में सभी संघों को जोड़कर समरसता स्थापित की। जरुरतमंदों के लिए परोपकारी संस्थाओं का निर्माण भी किया। उन्होंने कहा कि सुपात्र दान श्रेष्ठ है इसके बिना अभय दान पूर्व नहीं होता। उन्होंने 2011 से गुरु श्री सौभाग्य गौरव पुरस्कार देना आरंभ किये थे जो आज 15 वर्ष बाद भी सतत चल रहे हैं। इन पुरस्कारों का उद्देश्य समाज में सेवा करने वाली विभूतियों को आगे लाना है।
पुरस्कृत विभूतियों की उपस्थिति प्रेरणादायी बनेगी – मंत्री काश्यप
समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि पुरस्कार वितरण समारोह में जिन 6 विभूतियों को सम्मानित किया गया, उन्हें दी गई राशि महत्व नहीं रखती अपितु वे समाज को समय दे रहे हैं यह महत्व की बात है। समारोह में पुरस्कृत विभूतियों की उपस्थिति प्रेरणादायी है। इनसे प्रेरणा लेकर अन्य समाजजन भी सेवा कार्यों में अग्रणी हो सकते हैं। प्रवर्तक प्रकाशमुनिजी ने रतलाम में यह आयोजन कर बहुत बड़ी सौगात दी है। मालव केसरी जी की सरलता और स्वभाव के साथ जो चिंतन था वह भी सदैव प्रेरणा देता रहेगा। श्री काश्यप ने कहा कि उद्यमशीलता समाज का डीएनए है, लेकिन वर्तमान में युवा पीढ़ी नौकरी की तरफ जा रही है। समाजजनों को उन पर ध्यान देना चाहिए और उद्यमशिलता की ओर अग्रसर कर नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाना चाहिए।