उज्जैन | कृषि विज्ञान केंद्र उज्जैन मैं बेकरी उत्पाद विषय पर पांच दिवसीय स्वरोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन केंद्र की वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी डॉ.मौनी सिंह दवारा किया गया। प्रशिक्षण अंतर्गत उज्जैन जिले की लघु उद्योग संचालिका श्रीमती किमी चौधरी दवारा बेकरी के विभिन्न उत्पाद जैसे केक, बिस्कुट, चॉकलेट, आइसक्रीम आदि का विधिवत प्रशिक्षण दिया गया।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान वेनिला, चॉकलेट, रसमलाई, स्ट्रॉबेरी आदि प्रकार के केक एवं साथ ही सिम्पल, लेयर्ड, मार्वल, स्टफ्ड, रफल्स आदि प्रकार के चॉकलेट भी बनाये गए। केक प्रीमिक्स एवं आइसक्रीम प्रीमिक्स की भी विस्तृत जानकारी दी गई। बिना केमिकल का प्रयोग किये आइसक्रीम बनाना भी सिखाया गया। इसी क्रम में मैंगो, चॉकलेट एवं केसर पिस्ता आइसक्रीम का क्रमबद्ध प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के कीटशास्त्री श्री डीके सूर्यवंशी ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में प्रेरित किया। उन्होंने कहा सीमित साधनों का उपयोग कर आप रोजगार स्थापित कर स्वावलम्बी बन सकती हैं। इसी कड़ी में डॉ.मौनी सिंह द्वारा पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया एवं प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। केंद्र की वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी श्रीमती गजाला खान ने प्रशिक्षण के दौरान बनाये गए विभिन्न उत्पादों की सराहना की एवं प्रशिक्षणार्थियों से स्वरोजगार आरंभ करने का अनुरोध किया। साथ ही मृदा वैज्ञानिक श्री राजेंद्र गवली ने प्रशिक्षणार्थियों के कार्यो की प्रशंसा की एवं उन्हें उनकी क्षमता को पहचानने एवं उसका उपयोग करने पर प्रकाश डाला। केंद्र की श्रीमती सपना सिंह ने बेकरी उत्पाद बनाने के आसान तरीकों की सराहना की।
प्रशिक्षण में कुल 18 ग्रामीण युवतियों ने भाग लिया, जो कि झरनावदा, बकानिया, दताना, कनासिया ग्राम से थी। जन साहस संस्थान के श्री दिनेश मालवीय के सहयोग से प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। समापन सत्र का संचालन एवं आभार केंद्र की डॉ.मौनी सिंह द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ.डीएस तोमर, डॉ.रेखा तिवारी, डॉ.एसके कौशिक, श्री डीके सूर्यवंशी, श्रीमती गजाला खान, श्री राजेंद्र गवली एवं श्रीमती सपना सिंह, श्री अजय गुप्ता का सहयोग सराहनीय रहा।