रतलाम । विधायक चेतन्य काश्यप ने शहर की आंतरिक सड़कों व मुख्य मार्गो का जायजा लेने वार्डों में पहुंचे। उन्होंने वार्ड क्रमांक-1 से सुबह निरीक्षण आरम्भ कर देर शाम तक २२ वार्डों में नगर निगम अमले को खराब सड़कों के पुर्ननिर्माण हेतु स्टीमेट बनाने तथा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह की घोषणानुसार पंचवर्षीय योजना के तहत् शहर में 126 कि.मी. सड़कों का निर्माण किया जाना है।
विधायक चेतन्य काश्यप ने कॉलोनी, मोहल्ले एवं क्षेत्रीय स्तर की सड़कों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक क्षेत्र में डामरीकरण, सीमेंट-कांक्रीट और मरम्मत कार्य की आवश्यकता का आंकलन करते हुए कार्य योजना बनाने पर बल दिया।
श्री काश्यप ने नाले नालियों, बगीचे एवं सीवरेज के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का मौका मुआयना कर वर्षाकाल को देखते हुए जनसुविधा की दृष्टि से जहां आवश्यक है वहां प्राथमिकता से तत्काल सुधार कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए। विधायक श्री काश्यप द्वारा वार्डों में निरीक्षण का कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया, सहायक यंत्री श्याम सोनी, पूर्व पार्षद भगतसिंह भदौरिया मौजूद रहे।