किसान की उपज की नीलामी को कलेक्टर ने अपनी आंखों से देखा, सोयाबीन 5751 और लहसुन 12,900 क्विंटल बिका

कलेक्टर ने किया नामली मंडी का निरीक्षण, ट्रैक्टर पर चढ़कर सोयाबीन उपज को भी देखा, पूरी मंडी में किसानों के साथ घूमे

रतलाम । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कृषि उपज मंडी नामली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में सोयाबीन एवं लहसुन की नीलामी प्रक्रिया को मौके पर पहुंचकर देखा तथा किसानों से चर्चा कर उनकी उपज, गुणवत्ता एवं प्राप्त भाव की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने एक कृषक की सोयाबीन की नीलामी अपने सामने करवाई। सोयाबीन में 9.2 प्रतिशत नमी पाई गई तथा अच्छी गुणवत्ता वाली सोयाबीन 5751 प्रति क्विंटल के भाव से बिकी। कलेक्टर ने मौके पर ही सोयाबीन का वजन भी करवाया, जो 4 क्विंटल 50 किलो 200 ग्राम निकला। उपज की गुणवत्ता एवं प्राप्त भाव से किसान भी संतुष्ट नजर आया।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री कटेसरिया ने लहसुन की नीलामी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उज्जैन निवासी कृषक श्री चंदन चौधरी अपनी लहसुन की उपज लेकर नामली कृषि उपज मंडी पहुंचे थे। उनकी लहसुन 12,900 प्रति क्विंटल के भाव से बिकी। कलेक्टर की मौजूदगी में लहसुन की नीलामी की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। उन्होंने कृषक से चर्चा कर उपज एवं प्राप्त भाव की जानकारी ली। किसान ने प्राप्त भाव पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि नामली कृषि उपज मंडी में लहसुन की अच्छी गुणवत्ता वाली उपज आती है और यह मंडी लहसुन के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि मंडी को स्वतंत्र मंडी बनाए जाने के संबंध में शासन स्तर पर चर्चा की जाएगी, ताकि किसानों को और बेहतर सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *