रतलाम। स्वामी विवेकानंद शासकीय वाणिज्य महाविद्यालय, रतलाम में संभाग स्तरीय महिला एवं पुरुष शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग के सभी सात जिलों—रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, देवास, नीमच, मंदसौर एवं आगर-मालवा—के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश माथुर ने सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक बौद्धिक एवं मानसिक खेल है, जो व्यक्ति की एकाग्रता, तार्किक क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता, धैर्य एवं रणनीतिक सोच को विकसित करता है।
उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता एवं कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ संजीव वर्मा द्वारा किया गया। विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश माथुर द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप महिला वर्ग में उज्जैन विजेता एवं मंदसौर उपविजेता रहा। वहीं पुरुष वर्ग में उज्जैन विजेता एवं नीमच उपविजेता रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, क्रीड़ा विभाग एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. हर्षवर्धन मेहसन ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्राध्यापकों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।