तुलसी के आंगन में सदाबहार, हरश्रृंगार, वृज्रदंती और घृतकुमारी

शहर के वार्ड नम्बर-7 अलकापुरी स्थित गार्डन मेें औषधीय पौधों का रोपण, बन गया हर्बल गार्डन, आयुक्त और पर्यावरणविद् ने किया निरीक्षण

रतलाम । शहर के वार्ड नम्बर 7 के अलकापुरी क्षेत्र में स्थित तुलसी गार्डन अब हर्बल गार्डन के रुप में पहचाना जा रहा है। यहां औषधीय गुणों से लबरेज पौधो का रोपण होने के बाद आसपास के रहवासियों के लिए यह बागीचा महत्वपूर्ण हो रहा है। शनिवार को आयुक्त सहित पर्यावरणविद् ने गार्डन का निरीक्षण कर यहां रोपे गए औषधीय पौधों की जानकारी ली।
निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया के निर्देश पर अलकापुरी स्थित अस्त व्यस्त बागीचे को कुछ माह पूर्व व्यवस्थित किया गया था। इस बागीचे में तुलसी के पौधो की बहुतयात होने के कारण इसे तुलसी गार्डन नाम दिया गया।
तुलसी गार्डन को हर्बल गार्डन के रुप में विकसित करने के लिए यहां विभिन्न औषधीय गुणों वाले पौधों का रोपण किया गया जो अब पूरी तरह से चेतन्य स्थिति में है। सभी पौधों के साथ एक नेम प्लेट लगाई गई है, जिसमें पौधों के नाम और उनके गुणों का उल्लेख किया गया है।
शनिवार को तुलसी हर्बल गार्डन का निरीक्षण निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया, पर्यावरणविद् श्री खुशालसिंह पुरोहित, पूर्व पार्षद श्री भगत भदौरिया, श्री प्रहलाद पटेल, भाजपा नेता मयूर पुरोहित व क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने करते हुए तुलसी गार्डन में औषधीय पौधों के रोपण को सरहानीय कदम बताया है। इस मौके पर उद्यान प्रभारी श्री अनिल पारे सहित शेलेन्द्र गोठवाल आदि उपस्थित रहे।
इन पौधो का किया गया रोपण
तुलसी गार्डन में सदाबहार, पत्थर चट्टा, वज्रदंती, तुलसी, घृतकुमारी,सहजन, नीम, हरश्रंृगार,मीठा नीम, जामुन,आंवला, महारुफ ( महानीम) पपीता सहित दो दर्जन औषधूय गुणों वाले पौधों का रोपण किया गया है। इन पौधों के माध्यम से पथरी, ज्वर, ह्दय रोग, सर्दी खांसी, साईटिका, डायबीटिज सहित दर्जनों रोगों का उपचार हो सकता है।
हर पार्क को बनाए हर्बल गार्डन
शनिवार को तुलसी गार्डन के निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद श्री भगतसिंह भदौरिया सहित अन्य अतिथियों ने आयुक्त श्री झारिया के उक्त प्रयास की जमकर सराहना करते हुए आयुक्त को सुझाव प्रस्तुत किया है कि तुलसी गार्डन की तरह ही शहर में स्थित नगर निगम स्वामित्व के सभी उद्यानों को हर्बल गार्डन के रुप में विकसित किया जाए। श्री भदौरिया ने कहां कि कोरोना जैसी महामारी ने मानव मात्र को पर्यावरण सुधार का सबक दिया है। आज हरियाली के साथ ही औषधीय गुणों से युक्त पौधों की जरुरत भी हर किसी को है। ऐसे में नगर के तमाम पार्को में औषधीय गुणों वाले पौधों का रोपण होना चाहिए। आयुक्त ने इस सुझाव पर विचार का आश्वासन दिया है।

Play sound