मासक्षमण तपस्वी मोनिका-लोकेश मेहता का अभिनंदन

रतलाम 05 अक्टूबर। मालव केसरी पूज्य गुरुदेव सौभाग्यमल जी मसा के सुशिष्य, रत्नपुरी के रत्न, श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाश मुनिजी मसा निर्भय की निश्रा में तपस्या का दौर जारी है। सोमवार को मोनिका-लोकेश मेहता का मासक्षमण का दीर्घ तप पूर्ण करने पर श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट चातुर्मास समिति की और से बहुमान किया गया। प्रवर्तकश्री ने इस मौके पर तप की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि तपस्या से आत्मा शुद्ध हो जाती है।
मोहन टाकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में धर्मसभा को संबोधित करते हुए प्रवर्तकश्री ने कहा कि तपस्या का जीवन में बहुत महत्व है। इससे गंभीर से गंभीर बिमारियां ठीक होती है। पक्षाघात और केंसर वाले को भी यदिचौविहार उपवास करवा दे और अठठाई पानी के साथ कर ले, तो दोनो बिमारियों में आराम हो जाता है। तप से तन ही नहीं मन भी शुद्ध होता है। कई मानसिक बिमारियों का उपचार तप आराधना से किया जा सकता है।
प्रवर्तक श्री ने कहा कि परमात्मा की विशेषता यही है कि उनके सामने जो भी जाता है, उसका ज्ञान और अहंकार गलने लगता है। तप आराधना के माध्यम से परमात्मा से ही जुडा जाता है और इससे सारे कर्मों का क्षय हो सकता है। कर्मों का बंधन कषायों से होता है, यदि कषाय मुक्त जीवन जिएंगे, तो आत्मा को परमात्मा प्राप्त होने में देर नहीं लगेगी। धर्मसभा को आरंभ में प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी मसा ने संबोधित किया। श्री संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश मूणत ने स्वागत भाषण देते हुए मासक्षमण तपस्वियों की जानकारी दी। 31 उपवास करने पर मोनिका-लोकेश मेहता का बहुमान मासक्षमण तपस्वी माला जैन, मुस्कान कटकानी सुनील गांधी केतन गांधी जाली गादिया ने किया।
धर्मसभा में महाराष्ट्र के सैंकडों दर्शनार्थी प्रवर्तकश्री के दर्शन-वंदन करने पहुंचे। धर्मसभा का संचालन रखब चत्तर ने किया। इस दौरान सेवाभावी श्री दर्शनमुनिजी मसा, प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी मसा ठाणा-8, महासती श्री चंदनबालाजी मसा, महासती श्री कल्पनाजी मसा मंचासीन रहे। धर्मसभा में श्री धर्मदास जैन श्री संघ के सदस्यगण, श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट, श्री सौभाग्य तीर्थ ट्रस्ट, श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल, श्री सौभाग्य प्रकाश युवक मंडल, श्री सौभाग्य जैन महिला मंडल, श्री सौभाग्य अणु बहु मंडल एवं श्री सौभाग्य प्रकाश बालक-बालिका मंडल के सदस्यगण उपस्थित रहे।
उमेशमुनिजी का स्मृति दिवस मनेगा
श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट चातुर्मास समिति के तत्वावधान में 6 अक्टूबर को आचार्य भगवन श्री उमेश मुनिजी मसा का मासिक स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर सुबह 8 से 9 बजे तक श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में जाप होंगे। चातुर्मास समिति से गुरूभक्तों से अधिक से अधिक उपस्थित रहने का आव्हान किया है।