रतलाम । 23 मार्च को रतलाम के उत्कृष्ट विद्यालय में श्री राजेंद्रसिंह लुनेरा तथा कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा 12 से 14 वर्ष आयु के बच्चों के वैक्सीनेशन कार्य का शुभारंभ किया गया। बच्चों को कार्बीवैक्स टीका लगाया जा रहा है। इस अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय में एसडीएम श्री राजेश शुक्ला, श्री गोविंद काकानी, सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत, श्री निर्मल कटारिया आदि उपस्थित थे।
23 मार्च से 12 से 14 वर्ष आयु के जिले में लगभग 80 हजार स्कूली बच्चे हैं जिनको वैक्सीनेट किया जाना है। विकासखंडवार लक्ष्य के अनुसार जावरा में 5 हजार, पिपलोदा में 2 हजार, आलोट में 5 हजार, रतलाम शहर में 7 हजार, रतलाम ग्रामीण में 5 हजार, सैलाना में ढाई हजार तथा बाजना में भी ढाई हजार बच्चों को वैक्सीनेट किए जाने का लक्ष्य है। इस अभियान में बच्चों को कारबीवैक्स टीका लगाया जा रहा है।
कलेक्टर श्री कुमार पुरूषोत्तम ने विद्यार्थियों से आपसी संवाद करते हुए कहा कि तीसरी लहर के समय 95 प्रतिशत से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन हो जाने के कारण लोगों का जीवन बचाने में मदद मिली। उन्होने सभी से कोविड वैक्सीनेशन कराने की अपील की। श्री राजेन्द्रसिंह लुनेरा ने कोविड वैक्सीनेशन अभियान के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान को धन्यवाद दिया। श्री लुनेरा ने कोविड की लहर के दौरान जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सेवा और कोविड टीकाकरण अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए प्रशंसा की।
सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि रतलाम जिले में बच्चों को 12 से 14 वर्ष आयु समूह अंतर्गत टीके लगाए जाएँगे। इसके लिए कार्बीवैक्स नामक वैक्सीन के माध्यम से बच्चों में प्रतिरोधक क्षमता का विकास किया जा रहा है। इस टीके के दो डोज न्यूनतम 28 दिन और अधिकतम 42 दिन के अंतराल पर दिए जाएंगे। आयु वर्ग अनुसार वर्ष 2008 और वर्ष 2009 में जन्मे समस्त बच्चे वैक्सीनेशन हेतु पात्र हैं। वर्ष 2010 में जन्में केवल वह बालक बालिकाऐं पात्र होंगे जिन्होने टीकाकरण के समय 12 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो। टीका लगवाने के लिए समीपस्थ टीकाकरण केंद्र पर आधार कार्ड और मोबाईल लेकर टीका लगवाया जा सकता है अथवा कोविन एप पर ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन कराकर भी वैक्सीनेशन कराया जा सकता है । कार्यक्रम का संचालन आशीष चौरसिया ने किया तथा आभार प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत ने माना। कार्यक्रम में श्रीमती सरला वर्मा, डॉ. अजहर अली, श्री लोकेश वैष्णव, श्रीमती लाडकुंवर एएनएम, श्री हिमांशु व्यास ऑपरेटर एवं अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।