कोरोना योद्धाओं ने अपनी चिंता नहीं की, दूसरों की सेवा में स्वयं को समर्पित किया – मंत्री श्री सकलेचा

  • कोविड के दौरान लोगों में सहकार की भावना बढ़ी है – विधायक श्री काश्यप
  • नईदुनिया कोरोना योद्धा सम्मान समारोह आयोजित हुआ

रतलाम। नईदुनिया कोरोना योद्धा सम्मान समारोह शुक्रवार को बरबड़ रोड स्थित अमृत गार्डन में आयोजित किया गया। प्रदेश के लघु, सूक्ष्म व मध्यम उद्योग व विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सकलेचा मुख्य अतिथि व शहर विधायक श्री चेतन्य काश्यप विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम में मंत्री श्री सकलेचा, विधायक श्री काश्यप, कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, एसपी श्री अभिषेक तिवारी द्वारा कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानीत किया गया। कार्यक्रम में उद्योगपति श्री प्रवीण कटारिया, श्री सुयश कटारिया द्वारा कोरोना काल में बेहतर काम करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं को सम्मानित किया गया। नईदुनिया के इनपुट हेड जितेंद्र व्यास, ब्यूरो चीफ नरेंद्र जोशी भी उपस्थित रहे।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में अनेक लोगों ने ऐसे समय जब कोरोना संक्रमण सदी का सबसे बडा डिजास्टर था, तब अपनी चिंता न करते हुए दूसरों की सेवा में स्वयं को समर्पित कर दिया। आपात स्थिति में समाज का सहयोग जरूरी है। सरकार ने बहुत कम समय में व्यवस्थित रूप से जो वैक्सिनेशन किया वह बड़ी बात है। यह सब नेतृत्व क्षमता व उनके साथ काम करने वाली संस्थाओं का प्रतिफल है।
श्री सकलेचा ने कहा कि अब तक जितने लघु उद्योग प्रदेश में स्थापित हुए, उतने ही हम अगले वर्ष में स्थापित करने जा रहे हैं। बड़ी संख्या में रोजगार भी बढ़ाने वाले है। रोजगारों मेलों का आयोजन कर बड़ी संख्या में बेरोजगारों को रोजगार दिलाया गया है। सरकार, समाज, जनप्रतिनिधि व प्रशासन के समन्वय से काम होते हैं। नईदुनिया ने कोविड में कार्य करने वालों का सम्मान कर बेहतर कार्य किया है।
रतलाम में एक वर्ष में 250 लघु उद्योग स्थापित करेंगे
श्री सकलेचा ने कहा कि रतलाम में अगले एक वर्ष में ढाई सौ लघु उद्योग स्थापित करने की योजना है। इस संबंध में चर्चा के लिए 30 से 40 वर्ष के सौ से डेढ़ सौ युवाओं की गोष्ठी रखी जाए। इसमें विधायक श्री काश्यप की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
शहर विधायक श्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि कोविड के दौरान लोगों में सहकार की भावना बढ़ी है। कोविड के संघर्ष में जो लोग लड़े, उनका सम्मान नईदुनिया ने किया और इसमें व्यावसायिकता को नहीं रखा। ऐसे समारोह कम होते हैं, जो समाज की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया को दिखाया है। संकट के दौर में भी अच्छा काम नेतृत्व क्षमता की जागरुकता का परिणाम है। रतलाम के लोगों ने भी मालवा में सेवा की एक मिसाल पेश की। नईदुनिया ने पत्रकारिता के क्षेत्र में गौरवमयी महत्व बनाकर रखा है, नईदुनिया में जो लिखा जाता है, उसका व्यापक प्रभाव होता है। सेवा को सम्मान मिलने से प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर ने किया।
कार्यक्रम में जिन व्यक्तियों को सम्मानित किया गया उनमें निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया, उपायुक्त श्री विकास सोलंकी, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. जितेंद्र दीक्षित, डॉ. स्मिता शर्मा, नगर निगम के कार्यपालन यंत्री श्री मोहम्मद हनीफ शेख, समाजसेवी श्री गोविंद काकानी, जन अभियान परिषद के श्री रत्नेश विजयवर्गीय, नगर निगम के कार्यपालन यंत्री श्री जी.के. जायसवाल आदि शामिल है।

Play sound