प्रतिदिन के सैंपल लेने के अलावा कलेक्टर द्वारा चिन्हित दुकानों से भी सैंपल लेंगे खाद्य एवं औषधि निरीक्षक

रतलाम । खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निरीक्षक द्वारा क्षेत्र विशेष से ही ज्यादा सैंपल लेने की जानकारी प्रकाश में आने पर कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा सख्त कदम उठाया गया है। अब कलेक्टर द्वारा चिन्हित दुकानों की सूची भी निरीक्षक को दी जाएगी जहां से वह अनिवार्य रूप से सैंपल प्राप्त करेगा। निरीक्षक के साथ एक नायब तहसीलदार भी रहेगा जिसके पास लिफाफे में कलेक्टर चिन्हित दुकानों के नाम रहेंगे। इस व्यवस्था से पूरे जिले में एक समान अनुपात में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा सकेंगे। यहां उल्लेखनीय है कि कलेक्टर चिन्हित दुकानों के अलावा खाद्य एवं औषधि प्रशासन निरीक्षक अपने नियमित कार्य के तहत पूर्व अनुसार सैंपल लेने का कार्य सतत जारी रखेगा।