आसोज सुदी पंचमी एवं नवरात्रि की पुण्य बेला में वासुकीनाथ महाराज का दिव्य महाअभिषेक

शिवशक्ति की आराधना से आलोकित होगा रतलाम, विश्वशांति एवं जनकल्याण के लिए होगा विशेष अनुष्ठान


रतलाम। आसोज सुदी पंचमी एवं शारदीय नवरात्रि की पावन बेला पर रतलाम के स्नेह नगर स्थित शिवशक्ति वासुकी धाम में गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को भगवान शिव के परम प्रिय नागराज वासुकीनाथ महाराज का भव्य दिव्य महाअभिषेक आयोजित किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्रपाठ एवं हवन-अनुष्ठान के साथ होने वाला यह धार्मिक आयोजन विश्वशांति, राष्ट्र की समृद्धि, जनकल्याण एवं समस्त प्राणिमात्र के मंगल को समर्पित रहेगा।

वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजेगा वासुकी धाम
80 फीट रोड, स्नेह नगर स्थित शिवशक्ति वासुकी धाम में दूध, दही, पंचगव्य, गंगाजल एवं पवित्र जल से वासुकीनाथ महाराज का अभिषेक किया जाएगा। रुद्राष्टाध्यायी के मंत्रों और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना कर सुख, शांति, समृद्धि एवं विश्वकल्याण की मंगल कामना करेंगे। यह महाअभिषेक धार्मिक आस्था के साथ सामूहिक आध्यात्मिक साधना का विशेष अवसर होगा।

नकारात्मकता के त्याग का प्रतीक होगा विशेष अनुष्ठान
आयोजन के अंतर्गत श्रद्धालु अपने ऊपर से तीन बार नारियल उतारकर मंदिर की तीन परिक्रमा करेंगे तथा नारियल को हवन कुंड में समर्पित करेंगे। यह धार्मिक परंपरा अपने जीवन की बाधाओं, चिंताओं एवं नकारात्मक विचारों को त्यागकर सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति और नई चेतना की कामना का प्रतीक होगी।

श्रद्धा और साधना का केंद्र बन रहा वासुकी धाम
स्नेह नगर विकास समिति की अध्यक्ष एवं नागराज वासुकी की परम भक्त चेतना पाटीदार ने बताया कि वासुकीनाथ महाराज की कृपा से धाम में प्रत्येक उजियारी पंचमी एवं प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से विशेष पूजन-अर्चन किया जाता है। श्रद्धालुओं की बढ़ती सहभागिता से यह धाम भक्ति, सेवा, साधना और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। दिव्य महाअभिषेक पंडित प्रवीण शर्मा के सानिध्य में संपन्न होगा।

शिवभक्तों से सहभागिता की अपील
आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं एवं शिवभक्तों से आग्रह किया है कि वे इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर वासुकीनाथ महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा विश्वशांति, जनकल्याण और समस्त प्राणिमात्र के मंगल की सामूहिक प्रार्थना में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *