समूहों की महिलाओं ने बैंक शाखाओं में पहुंचकर प्रबंधकों का आभार माना

वित्तीय वर्ष में बैंकों द्वारा 14 करोड़ रूपए का ऋण स्वीकृत किया गया

रतलाम। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत रतलाम जिले में गठित किए गए महिला स्वयं सहायता समूहों को कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े द्वारा की गई सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरुप विभिन्न बैंकों द्वारा लगभग 14 करोड रुपए का ऋण लाभ स्वीकृत कर वितरण किया गया है। बैंक शाखाओं द्वारा प्रदत्त ऋण से समूह सदस्यों द्वारा विविध आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ की गई जिससे उनके परिवार में समृद्धि आई है।
बैंकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए गत 25 अप्रैल को जिले की स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों ने बैंक शाखाओं में पहुंचकर शाखा प्रबंधकों और अन्य बैंककर्मियों का आभार व्यक्त किया महिलाओं ने कहा कि हम आपके आभारी हैं कि आपने समूहों को ऋण प्रदान कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में सहयोग किया है। कोरोना जैसी महामारी के दौरान हम व्यवसाय को लेकर अत्यंत परेशान थे, लॉकडाउन के कारण कामकाज बंद हो गया था आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। ऐसे समय में बैंकों द्वारा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित समूह की सदस्यों को ऋण देकर मदद की है उससे हमारे परिवारों को आर्थिक संबल मिला है।
समूह सदस्यों द्वारा आजीविका के विभिन्न गतिविधियों जैसे सब्जी की दुकान, फल की दुकान, किराना दुकान, मनिहारी की दुकान जैसी गतिविधियां आर्थिक स्थिति को बेहतर करने के लिए की जा रही हैं। समूह सदस्यों द्वारा प्रबंधकों का आभार व्यक्त करते हुए फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।