राष्ट्र-संत ललितप्रभ जी महाराज 11 मई को आएंगे रतलाम

महलवाडा में होंगे तीन दिवसीय विशेष प्रवचन-सत्संग

रतलाम। राष्ट्र-संत महोपाध्याय ललितप्रभ सागर महाराज एवं डॉ मुनि शांतिप्रिय सागर महाराज का रतलाम शहर में मंगल पदार्पण 11 मई, बुधवार को होगा। इस दौरान 11 मई से 13 मई तक रात्रि 8:00 से 10:00 बजे तक उनके तीन दिवसीय विशेष प्रवचन-सत्संग का आयोजन होगा। सर्वधर्म सद्भाव से जुड़े इन राष्ट्र-संतों के प्रवचनों में छत्तीस कौम की जनता उमड़ती है और ये हर विषय पर प्रवचन देते हैं। इन राष्ट्र-संतों ने लगभग 2 वर्ष पूर्व भी शहर में प्रवचनमाला करके प्रेम, शांति और भाईचारा के बीज बोए थे। उन्हीं संतों का पुन: यहाँ ज्ञान की गंगा बहाना उपजाऊ भूमि में सावन का काम करेगा। श्री जैन श्वेतांबर खरतरगच्छ संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रवचन कार्यक्रम के अध्यक्ष मनसुख चोपड़ा के अनुसार संत ललितप्रभ एवं मुनि शांतिप्रिय सागर महाराज का आगामी चातुर्मास छत्तीसगढ़ के रायपुर में हैं। वे जोधपुर से पदयात्रा करते हुए रतलाम आ रहे हैं। इस दौरान संतगण आमजनमानस को लाभान्वित करने के लिए प्रवचन देंगे।
शहर में खुशी की लहर- संघ के सचिव जितेंद्र चोपड़ा ने बताया कि इन राष्ट्र-संतों के रतलाम आगमन की सूचना से नगरवासियों एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में खुशी की लहर है। आयोजकों के अलावा आम लोग भी एक-दूजे को प्रवचन में भाग लेने के लिए निमंत्रण दे रहे हैं। प्रवचन आयोजक श्री जैन श्वेतांबर खरतरगच्छ संघ ने आमजनमानस को इस सत्संग समारोह में भाग लेने के लिए निमंत्रण दिया है।

Play sound