शहर विकास के लिए किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाए पार्षद प्रत्याशी- विधायक काश्यप

  • प्रत्याशियों को परिचय बैठक में समझाई चुनावी रणनीति
  • सोशल मीडिया को लेकर सतर्क रहने की हिदायत

रतलाम । नगर निगम चुनाव लड रहे भाजपा प्रत्याशियों से विधायक चेतन्य काश्यप ने नगर विकास के लिए भाजपा शासनकाल में किए गए ऐतिहासिक कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आव्हान किया है। उन्होंने कहा कि निगम चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है, हमे विकास के मुददे पर ये चुनाव लडना है। श्री काश्यप नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्षद प्रत्याशियों की परिचय बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, जिला एवं मंडल पदाधिकारी और 49 वार्ड के सभी प्रत्याशी मौजूद रहे।
विधायक श्री काश्यप ने बैठक में सभी प्रत्याशियों को चुनावी रणनीति की बारिकियांे से अवगत कराते हुए चुनाव के दौरान प्रत्याशियों को किन बातों का ध्यान रखना है, इसकी समझाइश दी। उन्होने कहा कि सामान्य शिकायतों का महत्व नहीं है, लेकिन यदि कोई गंभीर मामला है तो प्रत्याशी अभिभाषकगण से चर्चा कर सकते है। इस बार चुनाव में पहली बार पार्षद प्रत्याशियों से चुनाव खर्च का हिसाब मांगा गया है, इसलिए सभी प्रत्याशी एक व्यक्ति को जिम्मेदारी देकर तय करें कि प्रत्येक दिन किस तरह से हिसाब रखना है।
विधायक काश्यप ने बताया कि प्रत्याशी को एक चाय का भी हिसाब रखना है। कलेक्टर ने रेट लिस्ट तय कर रखी है, चुनावी खर्च का रोज हिसाब भी देना है। तीन लाख तीस हजार रूपए खर्च की सीमा है, 15-20 दिन के खर्च का आंकलन कर उस मान से खर्चा करें और हर चीज का हिसाब रखें क्योकि निर्वाचन कार्यालय के वीडियोग्राफर भी घूमकर रिकॉर्डिंग करते है।
विधायक श्री काश्यप ने प्रत्याशियों को सोशल मीडिया से सतर्क रहने की हिदायत देते हुए कहा कि वे किसी भी क्रिया पर तत्काल प्रतिक्रिया न आप दें और न ही परिवार के किसी सदस्य के मोबाइल से प्रतिक्रिया होने दें। वे भाजपा प्रत्याशी है, इसलिए उनकी प्रतिक्रिया बहुत ही महत्वपूर्ण है। वे सिर्फ पार्टी की तरफ से अधिकृत जानकारी ही फारवर्ड करें। विधायक श्री काश्यप ने संबल योजना सहित सरकार की जनहितेषी सभी बडी योजनाओं की जानकारी आमजन को दंेने का आव्हान करते हुए कहा कि प्रत्याशी लोगों को बताए कि जिनके संबल बनते है, उनका आयुष्मान कार्ड भी बनता है।
बैठक में भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने पार्षद प्रत्याशियों से कहा कि हमें सामने वाले को कमजोर नहीं समझना है और पूरी ताकत से चुनाव लडना है। समय कम है इसलिए अपने क्षेत्र में जाकर 10-20 लोगों की बैठक लेकर रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप द्वारा शहर में कराए गए कामों की जानकारी सबको दे। इससे ये चुनाव अपने आप जीत जाएंगे। प्रदेश के किसी अन्य शहर में इतने विकास कार्य नहीं हुए है, जितने रतलाम शहर में हुए है।
बैठक को नगर निगम चुनाव संचालन समिति के प्रभारी मनोहर पोरवाल ने भी सम्बोधित किया। अभिभाषक सुभाष जैन ने प्रत्याशियों को चुनाव आचार संहिता की जानकारी दी। संचालन नगर निगम चुनाव संचालन समिति सहप्रभारी एवं जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी ने किया। आभार जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने माना। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष बलवंत भाटी, दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निमिष व्यास, जिला मंत्री सोना शर्मा, शैलेन्द्रसिंह सिसौदिया, मण्डल अध्यक्ष मयुर पुरोहित, आदित्य डागा, कृष्णकुमार सोनी, मण्डल प्रभारी विनोद यादव एवं हेमंत राहोरी एवं अभिभाषक सिद्धार्थ जैन उपस्थित रहे।

Play sound