कांग्रेस के कारण नहीं मिल पाया प्रधानमंत्री आवास का लाभ

रतलाम 2 जुलाई 2022। अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया में रतलाम रोल मॉडल बना था। शहर की चयनित कॉलोनियों को वैध करने की कार्यवाही कर विकास कार्य भी शुरू कर दिए गए थे, लेकिन कांग्रेस शासनकाल में मजबूती से पक्ष नहीं रखने के कारण न्यायालयीन रोक लग गई। कांग्रेस सरकार ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने का कोई कानून नहीं बनाया। भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में फिर से ऐसी कॉलोनियों को वैध करने का कानून बन गया है, जिससे जल्द ही अवैध कॉलोनियों वैध होगी।
यह बात विधायक चेतन्य काश्यप ने रतलाम नगर निगम चुनाव में विभिन्न वार्डों में भाजपा पार्षद प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनी में निवासरत परिवारों को सभी मूलभूत सुविधाएं दिलाने के लिए भाजपा कटिबद्ध है। इसके लिए कानून बनाया गया है। श्री काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर की झुग्गी बस्तियों में पक्के आवास बनाने के लिए ढाई-ढाई लाख रूपए की राशि दी गई है। 3500 से अधिक परिवार लाभान्वित हुए है, लेकिन कांग्रेस शासनकाल में पट्टे की कार्यवाही नहीं होने से लोगों को लाभ नहीं मिला है। भाजपा सरकार सभी आवासहीनों को पट्टे देकर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाएगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार द्वारा जनहित में कई योजनाएं संचालित कर आमजन को लाभान्वित किया जा रहा है।
श्री काश्यप ने वार्ड 27 की भाजपा प्रत्याशी हीना शाह के कार्यालय का उद्घाटन अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इब्राहिम शैरानी, जिलाध्यक्ष मंसूर जमादार, पूर्व पार्षद सलीम मेव, गोपाल शर्मा, मुबारिक खान आदि की उपस्थिति में किया। वार्ड 15 के प्रत्याशी मोहम्मद बबलू खां के कार्यालय शुभारंभ जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, मण्डल अध्यक्ष कृष्णकुमार सोनी, प्रभु नेका, मोहन वर्मा आदि की उपस्थिति में किया। वार्ड 45 के प्रत्याशी धर्मेन्द्र रांका के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ मण्डल अध्यक्ष कृष्णकुमार सोनी, महामंत्री नंदकिशोर पंवार, विशाल जायसवाल आदि की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान पार्टी के जिला व मण्डल पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।