कमलमुनिजी म.सा. ‘‘कमलेश’’ का चातुर्मास हेतु भव्य मंगल प्रवेश 10 जुलाई को, नगर में निकलेगा चल समारोह

जीवागंज स्थानक में प्रतिदिन होंगे प्रवचन

मन्दसौर। श्रमणसंघीय मंत्री, राष्ट्रसंत श्री कमलमुनिजी म.सा. ‘कमलेश’ का चातुर्मास हेतु स्थानकवासी जैन समाज का चल समारोह एवं मंगल प्रवेश 10 जुलाई को प्रातः 8.15 बजे श्री गोपालकृष्ण गोशाला परिसर, नेहरू बस स्टेण्ड के पास से प्रारंभ होगा। उसके बाद यह चल समारोह घण्टाघर, कालाखेत रोड़ नं. 3 होते हुए जीवागंज स्थित जैन दिवाकर मूल तपोभवन पहुुंचेगा।
राष्ट्र संत पूज्य श्री कमलमुनिजी म.सा. ‘‘कमलेश’’ के साथ तपोमूर्ति श्री घनश्याममुनिजी म.सा., आगम ज्ञाता श्री गौतममुनिजी म.सा., सेवाभावी श्री कौशल मुनि जी म.सा., कवि रत्न श्री अक्षतमुनिजी म.सा. आदि ठाणा का भी मंगल प्रवेश होगा।
श्री वर्द्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ जनकूपुरा अध्यक्ष अनिल संचेती, महामंत्री विजय खटोड़ ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि मन्दसौर नगर में 13 जुलाई को चातुर्मास का औपचारिक रूप से श्रीगणेश होगा। चातुर्मास के दौरान चारों माह में कार्तिक पूर्णिमा तक विविध धार्मिक गतिविधियां एवं धार्मिक प्रतियोगिताएं आयोजित होगी।ं मुनिश्री के प्रतिदिन सूर्योदय के समय प्रार्थना होगी तत्पश्चात् प्रवचन प्रातः 8.45 से 10 बजे तक एवं सूर्यास्त पश्चात प्रतिक्रमण जीवागंज स्थित जैन दिवाकर मूल तपोभवन पर होंगे। श्री वर्द्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ ने सभी धर्मालुजनों एवं श्रद्धालुजनों से मुनिश्री के मंगल प्रवेश सहित सभी कार्यक्रम एवं प्रवचन में पधारकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।