मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के रोड शो को मिला भारी जनसमर्थन

  • महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल और पार्षद प्रत्याशियों का धुंआधार प्रचार
  • भाजपामय हुआ रतलाम, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत-सत्कार

रतलाम 9 जुलाई 2022। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को रतलाम में भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल और पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में धुआंधार प्रचार किया। उन्होंने पांच किलोमीटर से अधिक लम्बा रोड शो किया। इसकी शुरूआत सैलाना रोड स्थित साक्षी पेट्रोल पंप से हुई। खुली जीप में सवार होकर मुख्यमंत्री श्री चौहान शहर के प्रमुख मार्गों से होकर धानमंडी स्थित सभास्थल पर पहुंचे। रोड शो का पूरे रास्ते में जगह-जगह विभिन्न समाजों, व्यापारी संगठनों और संस्थाओं द्वारा जोरदार स्वागत किया। मंचों से फूल बरसाए गए, कई जगह आतिशबाजी की गई। आमजन व पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्रीजी का भव्य स्वागत किया गया।
रोड शो में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह जी चौहान के साथ खुली जीप में भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल, जिलाध्यक्ष जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा, सांसद गुमानसिंह डामोेर, विधायक चेतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना, पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल, नगरीय निकाय चुनाव प्रभारी अशोक यादव सवार रहे। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री का काफिला जिस मार्ग से गुजरा, वहां उनके स्वागत और सत्कार के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मार्ग में 100 से अधिक स्थानांे पर मंच से विभिन्न संस्थाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। युवाओं की टोलियां ढोल-ढमाकों के साथ आगे-आगे उत्साह प्रकट कर रही थी।
मुख्यमंत्री के रोड शो में सबसे आगे आदिवासी कला एवं संस्कृति की झलक नजर आई। युवाओं की टोली आकर्षक नृत्य करते हुए चल रही थी। इनके साथ ही ढोल और ताशे की टीम भी थी। भाजपा के पार्षद प्रत्याशी अन्य खुले वाहनों में केशरिया दुपट्टा और साफे पहने और महिला प्रत्याशी केशरिया साड़ी में सबका अभिवादन करते हुए दिखाई दी। युवा मोर्चा से जुडे़ कार्यकर्ताओं ने भी केशरिया साफा पहन एकरूपता दिखाई। मुख्यमंत्री ंके स्वागत सत्कार के लिए रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं में होड़ लगी रही। रोड शो में पूरे रास्ते मुख्यमंत्री श्री चौहान पर फूलों की बारिश की गई। लोगों ने काफिला रोककर मुख्यमंत्री श्री चौहान को जब माला पहनाना चाही, तो उन्होंने प्रत्युत्तर मे स्वागतकर्ता को ही माला पहनाकर उसका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश, जिला, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ पदाधिकारी एवं बडी संख्या में कार्यकर्तागण के साथ आमजन उपस्थित रहे।