
रतलाम । शहर के समीप करमदी में नवनिर्मित विशाल शिवलिंग का अनावरण सावन के दूसरे सोमवार को शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने किया। श्री काश्यप ने यहां मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का अभिषेक कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान गांव में चल समारोह निकाला गया। इस दौरान शिव भक्तों को बड़ी संख्या में रूद्राक्ष भी भेंट किए गए। शिवलिंग का अनावरण होते साथ ही पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। करमदी स्थित शिव मंदिर के समीप बने इस विशाल शिवलिंग का निर्माण करीब तीन से चार माह की अवधि में पूरा हुआ। इसके निर्माण से पूर्व यहां पर भूमि पूजन भी विधायक श्री काश्यप द्वारा किया गया था। आयोजन के दौरान पंडित शंभू शर्मा, शिव शंभू सेवा समिति के अध्यक्ष श्याम सुंदर पाटीदार, राधेश्याम पाटीदार, सरपंच प्रतिनिधि राजेश पुरोहित, वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर पोरवाल, धन्नालाल पाटीदार, राजेश शर्मा, गोपाल शर्मा, हेमन्त राहोरी आदि उपस्थित रहे।