नगर निगम के सहायक आयुक्त को दिए निर्देश, 500 से अधिक नामांतरणों की अब जारी होगी विज्ञप्ति
रतलाम । नगर निगम में नामांतरण को लेकर परेशान हो रहे शहरवासियों की परेशानी अब जल्द दूर होगी। विधायक चेतन्य काश्यप ने आम लोगों की परेशानी को देखते हुए सोमवार को नगर निगम के सहायक आयुक्त विकास सोलंकी को निर्देश दिए है कि जिन लोगों के नामांतरण अब तक नहीं हो सके है, उनके संबंध में आज ही विज्ञप्ति जारी कर उनके नामांतरण की प्रक्रिया पूर्ण की जाए।
विधायक श्री काश्यप ने बताया कि नगर निगम में 500 से अधिक नामांतरण के प्रकरण लंबित है। उन्होंने उक्त सभी प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने एवं आमजन को राहत देने के कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरते जाने के निर्देश भी दिए है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार विज्ञप्ति जारी कर तत्काल सभी प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण किया जाए, जिससे कि लोगों को राहत मिल सके। वर्तमान में नामांतरण कराने के लिए लंबे समय से लोग परेशान होकर नगर निगम के चक्कर काट रहे है, जो कि ठीक नहीं है।
विधायक श्री काश्यप ने कहा कि अब चुनाव भी निपट चुके है। ऐसे में अब किसी प्रकार का कोई बहाना नहीं चलेगा। आमजन की शिकायत है कि वह नामांतरण के लिए नगर निगम में जाते है तो चुनाव और आचार संहिता का हवाला देकर बाद में आने का कहकर जिम्मेदार टाल देते है। अब चुनावी प्रक्रिया भी संपन्न हो चुकी है, इसलिए नामांतरण के इस कार्य को प्राथमिकता के साथ किया जाए। तत्काल विज्ञप्ति जारी कर इसकी प्रक्रिया पूर्ण किया जाए।