रतलाम । वन विभाग के तत्वावधान में हरियाली अमावस्या के शुभ अवसर पर ‘हरा-भरा मध्यप्रदेश’ के लक्ष्य के अंतर्गत गुरूवार को जिले में पौधारोपण अभियान की शुरुआत हुई। सागोद रोड स्थित पर्यावरण पार्क में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यावरणविद डॉ. खुशालसिंह पुरोहित थे। अध्यक्षता वनमंडलाधिकारी श्री डी.एस.डोडवे ने की। इस अवसर पर कृषि उपसंचालक श्री विजय चौरसिया एवं डॉ. अभय ओहरी विशेष रूप से उपस्थित थे।
डॉ. पुरोहित ने कहा कि पर्यावरण विघटन की समस्या और बढ़ते प्रदूषण से मुक्ति के लिए पौधारोपण पर ध्यान देना होगा। आज ही विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस भी है। प्रकृति संरक्षण के बिना मानव का जीवन संभव नहीं है, इस भावना से हमे हरियाली विस्तार के हरसंभव प्रयास करने होंगे। अध्यक्षता करते हुए वनमंडलाधिकारी श्री डोडवे ने पौधारोपण की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए आगामी दिनों में जिले में पौधारोपण की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पीपल, पारस पीपल, नीम, आंवला, बरगद और सिंदूरी आदि प्रजाति के पौधे लगाए गए।
समारोह में ग्राम वन समिति अध्यक्ष, प्राथमिक लघु वनोपाज़ समिति सैलाना, शिवगढ़ अध्यक्ष श्री कैलाश गामड, माल्याखों श्री भेरु डांगी के साथ ही वन परिक्षेत्र अधिकारी शिवगढ़ श्री आज़ाद कुमार नागोरिया, वन परिक्षेत्राधिकारी श्री सुरेश बरोले एवं अन्य वन अधिकारी व विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।