जनपद पंचायत का शपथ विधि एवं पदग्रहण समारोह सम्पन्न

रतलाम । जनपद पंचायत रतलाम में नवनिर्वाचित परिषद् का शपथ विधि समारोह ग्रामीण विधायक श्री दिलीप मकवाना, श्री राजेन्द्रसिंह लूनेरा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री रामपालसिंह करजरे ने निर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती साधना बद्रीलाल जायसवाल, उपाध्यक्ष श्री हिरेन्द्रसिंह भाटी एवं उपस्थित सदस्यों को शपथ दिलवाई।
ग्रामीण विधायक श्री मकवाना ने कहा कि सभी को मिल-जुलकर विकास कार्य करना है। पुलिया, सडक सहित अन्य आवश्यक कार्य सभी के सहयोग से पूरे किए जाएंगे। श्री लूनेरा ने कहा कि रतलाम जनपद की पहचान आदर्श जनपद के रुप में बनाने की कोशिश करें। अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष सभी सदस्यों का साथ लेकर विकास कार्यों को गति प्रदान करने का प्रयास करें। साथ ही कर्मचारियों से समन्वय बनाकर कार्य सम्पादित करें क्योंकि कर्मचारी ही विकास में मुख्य भूमिका का निर्वहन करते हैं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल ने कहा कि अध्यक्ष के रुप में जो जिम्मेदारी मुझे मिली है उस पर पूरी तरह से खरा उतरने का प्रयास करुंगी। इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्री हिरेन्द्रसिंह भाटी एवं श्री ईश्वरलाल पाटीदार ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन श्री कमलेश पापरीवाल तथा आभार धन्नालाल फूलेरिया ने माना।