रतलाम । जिले में जारी लगातार वर्षा के मद्देनजर कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा संबंधित अधिकारियों की एक बैठक का कलेक्ट्रेट कक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को वर्षा के दृष्टिगत अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निर्देशित किया कि जिले में बांधों पर नजर रखी जाए, उनमें पानी के जमाव की जानकारी सतत प्रदान की जाए। जलस्तर बढ़ता है तो तत्काल सूचित करते हुए एक्शन ली जाए। पुल-पुलिया पर नजर रखें, पुल-पुलिया पर वर्षा का पानी चढ़ने की स्थिति में कोई आवागमन नहीं हो वाहन, इत्यादि नहीं गुजरे। इसके लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती तथा ड्रॉप गेट इत्यादि व्यवस्था की जाए। नगर निगम शहर में निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति पर नजर रखें। सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में पानी के बहाव, झरनों तथा अन्य जल संरचनाओं पर जोखिम की स्थिति में लोग नहीं पहुंचे यह सुनिश्चित करें। नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी पर निगाह रखी जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री एम.एल. आर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील पाटीदार, एसडीएम श्री संजीव पांडे, निगम आयुक्त श्री अभिषेक गहलोत, जिला होमगार्ड कमांडेंट सुश्री रोशनी बिलवाल, तहसीलदार श्रीमती अनीता चोकोटिया, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री अनुरागसिंह, पीएचई तथा जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री आदि अधिकारी उपस्थित थे।