रतलाम । कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा गुरुवार को जिले के वाणिज्य कर विभाग के वार्षिक राजस्व लक्ष्य की विशेष रूप से समीक्षा की गई। बताया गया कि विभाग को वर्ष 2022- 23 के लिए वार्षिक राजस्व लक्ष्य 425 करोड रुपए प्राप्त हुआ है। माह जुलाई तक विभाग द्वारा 118 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति कर ली गई है। बैठक में कमर्शियल टैक्स ऑफीसर सुश्री अलका डामोर उपस्थित थी।
बैठक में कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि विभाग लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अधिकाधिक प्रयास करें। समीक्षा में जीएसटी विधान के टीडीएस प्रावधानों के अंतर्गत केवल 335 आहरण एवं संवितरण अधिकारियों द्वारा पंजीयन कराए जाने को लेकर कलेक्टर द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया। कमर्शियल टैक्स ऑफीसर को निर्देशित किया कि प्रत्येक सप्ताह होने वाली समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में उपस्थित रहने वाले अधिकारियों को टीडीएस के प्रावधानों से अवगत कराएं तथा सभी आहरण संवितरण अधिकारियों को जीएसटी विधान के टीडीएस के प्रावधानों के अंतर्गत पंजीयन करवाए जाने के लिए पत्र भी जारी करें।