एमएसएमई सम्मेलन संपन्न

रतलाम । राज्य शासन के निर्देश अनुसार रतलाम जिला मुख्यालय पर स्थानीय बड़बड़ विधायक सभागृह में 29 सितंबर को रोजगार दिवस आयोजन हुआ। इस अवसर पर जिले के लगभग साढ़े छह हजार हितग्राहियों को 75 करोड़ रुपये से ज्यादा के हितलाभ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक रतलाम ग्रामीण श्री दिलीप मकवाना थे। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई द्वारा की गई। कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, निगम आयुक्त श्री हिमांशु भट्ट, मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रदेश सचिव श्री वरुण पोरवाल, उद्यमी श्री दिलेश पोरवाल, लघु उद्योग भारती के श्री सी.पी. आवतानी, महाप्रबंधक उद्योग श्री मुकेश शर्मा, आईटीआई प्राचार्य श्री यू.पी. अहिरवार, सहायक प्रबंधक श्री नीरज वरकडे, हितग्राही एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित किए गए हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के उद्बोधन को देखा, सुना गया।
रतलाम ग्रामीण विधायक श्री दिलीप मकवाना ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य शासन द्वारा नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जाकर राज्य की कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाखों हितग्राहियों को लाभ वितरित किए जा रहे हैं जिससे हितग्राही स्वयं आर्थिक रूप से सक्षम हो रहे हैं बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार देने में सक्षम हो रहे हैं। उन्होंने बैंकर्स को भी धन्यवाद दिया जिनके सकारात्मक सहयोग से हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। श्री मकवाना ने कहा कि राज्य शासन द्वारा अनेकों योजनाओं का संचालन किया जाकर हितग्राहियों को अल्प ब्याज पर ऋण लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। अनुदान लाभ मिल रहे हैं। हजारों हितग्राहियों को करोड़ों रुपए के ऋण लाभ दिए जा रहे हैं। श्री मकवाना ने हितग्राहियों से आग्रह किया कि शासन की योजना के तहत मिल रही राशि का सदुपयोग करते हुए अपने पैरों पर मजबूती से खड़े हो और दूसरों को भी रोजगार देने के काबिल बने। श्री मकवाना ने कहा कि आपको जिस कार्य के लिए ऋण मिल रहा है उस कार्य की छोटी सी शुरुआत बाद में व्यापक स्वरूप धारण कर लेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई ने अपने उद्बोधन में सभी हितग्राहियों को शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि रोजगार दिवस आयोजन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की महत्वकांक्षी योजना है। कलेक्टर ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हितग्राही वित्त पोषित होकर स्वयं आत्मनिर्भर बनेंगे, साथ ही अन्य लोगों को भी रोजगार देने में सक्षम हो सकेंगे। राज्य शासन का सशक्त प्रयास है कि योजनाओं के माध्यम से हितग्राही आत्मनिर्भर बने। कलेक्टर ने रोजगार दिवस के अवसर पर जिन योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है उन योजनाओं की जानकारी दी।
मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स के श्री वरुण पोरवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि रतलाम जिले में उद्योगों के माध्यम से व्यापक रूप से रोजगार उत्पन्न करने का बड़े स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। रतलाम के उद्यमी जिला प्रशासन के साथ समन्वय रखते हुए प्रयास करते हैं कि अधिकाधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए डाटा का आदान-प्रदान भी किया जाता है। श्री पोरवाल ने कहा कि वैश्य महासम्मेलन तथा मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स के माध्यम से उनके द्वारा अधिकाधिक रूप से रोजगार उपलब्धता का प्रयास किया जा रहा है। श्री वरुण पोरवाल ने कहा कि इंडस्ट्री इंस्टिट्यूट पार्टनरशिप प्रोग्राम के माध्यम से एमबीए, बीकॉम, बीएससी अथवा इंजीनियरिंग कॉलेजों के डिग्रीधारक या अंतिम वर्ष के छात्रों को आज की जरूरत की टेक्नोलॉजी में ट्रेंड करने के लिए कार्य किया जाएगा, योजना बनाई गई है। फैक्ट्री में जिन आधुनिक उपकरणों की आवश्यकता होती है। उनके इंस्टॉलमेंट अथवा उन पर कार्य करने के लिए जिस प्रकार की दक्षता की आवश्यकता होती है उसकी पूर्ति युवाओं को स्किल्ड बनाकर की जाएगी।
लघु उद्योग भारती के श्री सी.पी. आवतानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि रतलाम में उद्योगों के विकास में तेजी आती जा रही है। शहर विधायक श्री चैतन्य काश्यप तथा जिला प्रशासन द्वारा रतलाम को औद्योगिक हब बनाने का प्रयास तेजी से जारी है। कार्यक्रम का संचालन एनआरएलएम जिला मैनेजर श्री हिमांशु शुक्ला ने किया।
रोजगार दिवस के अवसर पर जिले में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में 810 हितग्राहियों को 2517 लाख प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना में 26 हितग्राहियों को 208 लाख रूपए, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में 93 हितग्राहियों को 372 लाख रूपए, पीएम निधि योजना में 590 हितग्राहियों को 97 लाख रूपए, स्वयं सहायता समूह शहरी में 60 हितग्राहियों को 90 लाख रूपए, स्वयं सहायता समूह ग्रामीण में 113 हितग्राहियों को 320 लाख रूपए, मुख्यमंत्री स्टेट वेंडर योजना में 100 हितग्राहियों को 10 लाख रुपए का वित्तपोषण किया गया।
इसी प्रकार पशुपालन विभाग, मत्स्य, उद्यानिकी तथा कृषि विभाग द्वारा लगभग साढ़े चार हजार हितग्राहियों को केसीसी लाभ दिया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना में 3236, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 9208 तथा अटल पेंशन योजना में 755 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।