सहकारिता आंदोलन के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रुप से सक्षम बनाया जा सकता है

-महिला स्वयं सहायता समुह के तीन दिवसीय नेतृत्व विकास प्रशिक्षण में श्री जोशी ने कहा

रतलाम। जिला सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पत्रकार शरद जोशी ने कहा कि सहकारिता आंदोलन में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। आज के दौर में शासन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है। सामुहिक सशक्तिकरण के लिए सहकारिता परिपक्व कदम है, जिसके माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रुप से सक्षम बनाया जा सकता है।
श्री जोशी ने यह बात भारतीय राष्ट्रीय सहकारी शिक्षा केंद्र नई दिल्ली एवं जिला सहकारी संघ मर्यादित रतलाम के तत्वावधान में पिपलौदा तहसील के गांव हसनपालिया में महिला स्वयं सहायता समुह के लिए तीन दिवसीय नेतृत्व विकास प्रशिक्षण का शुभारंभ करते हुए कही। श्री जोशी ने कहा कि राज्य सरकार महिला स्वयं सहायता समुहों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है, जिसका लाभ महिलाओं को उठाना चाहिए और गांव-गांव में स्वयं सहायता समूह का गठन कर अधिक से अधिक महिलाओं को जोडऩा चाहिए। अब स्वयं सहायता समूह के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली का संचालन भी विचाराधिन है।
श्री जोशी ने कहा कि महिलाओं को जागरूक होकर अन्य महिलाओं को जागरूक करना चाहिए, ताकि वे अधिक से अधिक स्वयं सहायता समुह से जुड़े और आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने लिज्जत पापड़ संस्थान का उल्लेख किया जो महिलाओं द्वारा संचालित किया जा रहा है।
इंदौर सहकारी प्रशिक्षण के पूर्व प्राचार्यद्वय के.एल.राठौड़ तथा निरंजनकुमार कसारा ने विस्तार से सहकारिता आंदोलन एवं सहकारिता के माध्यम से महिलाओं का किस प्रकार से उद्धार हो सकता है इस पर प्रकाश डाला और कहा कि स्वयं सहायता समूह को दुग्ध समितियों से भी जोड़ा जा रहा है ताकि वे दुग्ध समितियों के माध्यम से लाभ अर्जित कर सके। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के बारे में जानकारी दी और कहा कि पशु खरीदने और संस्था के संचालन के लिए भी मदद की जाती है। ग्रामीण आजीविका मिशन जनपद पंचायत पिपलौदा के सहायक विकासखंड प्रबंधक दीपक देवड़ा एवं महेश जमरा ,आजीविका मिशन के प्रबंधक जयप्रकाश सिंह चौहान, दुग्ध संयत्र केे शिवनारायण पाटीदार ने भी योजनाओं के बारे में बताया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम संगठन की अध्यक्षा श्रीमती संगीता जाट एवं उनकी टीम ने पंच सूत्र गीत का समुह वाचन किया। संचालन करतेे हुए जिला सहकारी संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिरूद्ध शर्मा तीन दिवसीय प्रशिक्षण के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। आभार जनसंपर्क अधिकारी पिंकेश भट्ट ने माना।
कार्यक्रम में लगभग 20 समुह की महिला संचालिकाओं ने सहभागिता की। यह प्रशिक्षण शिविर 19 अक्टूंबर तक संचालित होगा।

Play sound