रतलाम 9 नवम्बर । नगर निगम का साधारण सम्मेलन निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा की अध्यक्षता में 17 नवम्बर गुरूवार को प्रात: 11:00 बजे नगर निगम सभागृह में आयोजित होगा।
शहर विकास के प्रस्तावों को पारित किये जाने हेतु निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने 17 नवम्बर गुरूवार को निगम का साधारण सम्मिलन आहूत किये जाने हेतु निर्देश जारी कर दिये है।
नगर निगम के इस सम्मिलन में शहर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों के साथ ही बिरसा मुण्डा की प्रतिमा स्थापित किये जाने की वित्तीय स्वीकृति, नगर निगम की विकास शाखा द्वारा नगर सुधार न्यास की विभिन्न आवासीय/व्यावसायिक योजनाओं में तीस वर्ष की लीज अवधि बढ़ाये जाने, महू रोड स्थित सुभाष चन्द्र षॉपिंग काम्पलेक्स की शेष बची 98 दुकानों के विक्रय हेतु निर्धारित 2020-21 की कलेक्टर गाईड लाईन से निकाले गये आरक्षित मूल्य में 15 प्रतिशत की कमी किये जाने का निर्णय लिया जाना है।
इसके अलावा स्टेट बैंक तिराहा से महाराजा सज्जनसिंह जी प्रतिमा तक की सड़क का नाम लाडली लक्ष्मी पथ व हनुमान ताल से समीप उद्यान का नाम लाड़ली लक्ष्मी वाटिका रखे जाने की पुष्टि की जाना है।
निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने निगम के साधारण सम्मिलन की तिथि जारी करते हुए बताया कि ढाई वर्ष तक प्रषासक काल के बाद गठित नवीन परिषद का पहला साधारण सम्मिलन सकारात्मक एवं महत्वपूर्ण होगा।
इसके अलावा सम्मानित सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्रश्नों के उत्तर दिये जाने के साथ ही निकाय द्वारा प्रस्तुत नवीन प्रस्ताव पर चर्चा की जाना है।