रतलाम । स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के तहत नगर निगम रतलाम द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने निगम आयुक्त श्री हिमांशु भट्ट के साथ की।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 रतलाम नगर स्वच्छता में नम्बर 1 बने इस हेतु नगर को पूर्णत: कचरा मुक्त बनाया जाना है इस हेतु नगर में 5 स्थानों पर थैला बैंक स्थापित किये जाने पर चर्चा की गई ताकि नागरिक पॉलीथीन के उपयोग को बंद कर सकें।
नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा अमृत योजना के अन्तर्गत करमदी रोड तथा खेतलपुर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। दोनो एसटीपी पर सीवेज ट्रीट होने के पश्चात निकलने वाले ट्रीटेड पानी का उपयोग बागवानी, सिंचाई, धुलाई तथा सभी प्रकार के निर्माण कार्यो में किया जा सकता है इसलिये ट्रीटेड वॉटर का विक्रय कर नगर निगम की आय बढ़ाने के निर्देश महापौर श्री पटेल ने बैठक में दिये। इसके अलावा महापौर श्री पटेल ने दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु शहर के सार्वजनिक शौचालयों में रैम्प बनाने के निर्देश भी समीक्षा बैठक में दिये।
आयोजित बैठक में कार्यपालन यंत्री श्री सुरेशचन्द्र व्यास, सहायक यंत्री श्री श्याम सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी श्री ए.पी. सिंह, उपयंत्री सर्वश्री राजेश पाटीदार, मनीष तिवारी, श्रीमती दीक्षा तिवारी, झोन प्रभारी, एचएमएस टीम के श्री शशांक पाण्डे सहित टीम के अन्य सदस्य उपस्थित थे।