भाजपा का ग्रामीण निकाय जनप्रतिनिधि विधानसभा प्रशिक्षण वर्ग संपन्न

जिला प्रभारी प्रदीप पांण्डेय ने किया शुभारंभ

रतलाम । भारतीय जनता पार्टी द्वारा रंगोली सभागृह में ग्रामीण निकाय जनप्रतिनिधियों का विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया। इसका शुभारंभ पार्टी के नवनियुक्त जिला प्रभारी प्रदीप पांण्डेय ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में रतलाम ग्रामीण विधानसभा के जिला पंचायत व जनपद पंचायत सदस्य एवं सरपंच शामिल हुए। चार सत्रों मे प्रशिक्षण वर्ग को विभिन्न वक्ताओं ने संबोधित कर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन सत्र ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना की अध्यक्षता में आयोजित हुआ इसमे मुख्य वक्ता जिला प्रभारी श्री प्रदीप पांण्डेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। देश में यही पार्टी है जो अपने जनप्रतिनिधियों को जनकल्याणकारी कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करती है। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि से प्रशिक्षण पत्र में मिले मार्गदर्शन का लाभ लेने और अपने निर्वाचन क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करने का आव्हान किया। ग्रामीण विधायक श्री मकवाना ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र में कई कार्य हुए है। आमजन को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना है। सत्र के आरंभ में जिला प्रशिक्षण प्रभारी व उपाध्यक्ष महेश सोनी ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय एवं निर्मल कटारिया मंचासीन रहे। संचालन मंडल अध्यक्ष राकेश पाटीदार ने किया। आभार दिनेश धाकड़ ने माना।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग का प्रथम सत्र हम भाजपा मे क्यों ? (इतिहास एवं वर्तमान परिदृश्य मे ) विषय पर हुआ जिसे मनासा नगर पालिका अध्यक्ष अजय तिवारी ने संबोधित करते हुए। भाजपा के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला । इस सत्र की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दिनेश धाकड़ द्वारा की गई।
दूसरे सत्र मे पार्टी नेता दिनेश सोलंकी ने सोशल मीडिया का महत्व विषय पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय मे सोशल मीडिया का सर्वाधिक महत्व है। जनप्रतिनिधि इसका अधिक से अधिक लाभ लेकर अपने कार्यो को जन-जन तक पहुंचायें। इस सत्र की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र जाट लाला द्वारा की गई।
प्रशिक्षण वर्ग के तीसरे वर्ग के मुख्य वक्ता मंदसौर विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया रहे। उन्होने जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, संगठन विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण में हमारी भूमिका विषय पर प्रकाश डाला। श्री सिसोदिया ने कहा कि आजादी के बात ग्राम स्तर से लेकर राष्ट्रस्तर तक भाजपा ने इतनी कार्य किये है कि जिनसे सभी जनप्रतिनिधि पार्टी को अतिविस्तारित कर मजबूती प्रदान कर सकते है। उन्होने हर जनप्रतिनिधि से प्रभावी भूमिका का निर्वाह कर जनकल्याण के कार्यो को मूल रूप देने का आव्हान किया। इस सत्र की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष देवीलाल गुर्जर द्वारा की गई।
चतुर्थ सत्र मे मुख्य वक्ता नीमच के राकेश जैन ने ग्राम स्वराज मे जनभागीदारीता का महत्व एवं महिलाओं तथा युवाओं की भूमिका विषय पर प्रकाश डाला। उन्होने कहा कि जनभागीदारी से असंभंव कार्यो को संभव बनाया जा सकता। जनप्रतिनिधि आम जन को विश्वास मे लेकर कार्य करेंगे, तो पार्टी को मजबूती मिलेगी और जनाधार भी बडे़गा। युवा एवं महिलाओं को अधिक से अधिक प्रभावशाली भूमिका का निर्वाह करना है। इस सत्र की अध्यक्षता आनंदीलाल राठौड़ मंडल अध्यक्ष द्वारा की गई।