4 फरवरी को मनाया जाएगा विश्व कैंसर दिवस

रतलाम । प्रभारी सीएमएचओ डॉक्टर वर्षा कुरील ने बताया कि प्रतिवर्ष 4 फरवरी विश्व कैंसर दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस बार विश्व कैंसर दिवस की थीम क्लोज द केयर गेप ‘कैंसर सुधार के लिए सबका साथ सबका स्वास्थ्य’ है ।
कैंसर के नोडल अधिकारी डॉक्टर गोपाल यादव ने बताया कि जिला चिकित्सालय रतलाम में 4 फरवरी को कक्ष क्रमांक 3 में कैंसर जांच उपचार शिविर का आयोजन प्रात: 9.00 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। इस अवसर पर जिला चिकित्‍सालय में डायविटीज, कैंसर, उच्‍च रक्‍तचाप, स्‍ट्रोक से संबंधित मरीजों की जॉच एवं उपचार किया जाएगा। साथ ही रतलाम जिले के हेल्‍थ एंड वेलनेस केन्‍द्रों पर जॉंच उपचार एवं जागरूकता संबधी कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों द्वारा उपचार एवं स्‍वास्‍थ्‍य लाभ लेने का अनुरोध किया गया है।
नोडल अधिकारी डॉ. गोपाल यादव ने बताया कि कैंसर के मुख्‍य लक्षणों में असामान्‍य रक्‍त स्राव या अन्‍य कोई स्राव, ना भरने वाला घाव, स्‍तन में या शरीर के किसी भी हिस्‍से में कोई भी गांठ, मुह खोलने या जबडे हिलाने में समस्‍या, योनि से असामान्‍य खून बहना, स्‍तन में गांठ होना, स्‍तन के नाप आकार या रूप में परिवर्तन होना मुख्‍य हैं । कैंसर से बचाव के लिए तम्‍बाकू का उपयोग पूरी तरह बंद कर देना चाहिए, धुम्रपान ना करें, शराब नहीं पियें, तनाव और चिंता मुक्‍त रहे, स्‍वास्‍थ्‍यवर्धक आहार का सेवन करें, डॉक्‍टर के पास नियमित जॉच एवं परामर्श करें नियमित व्‍यायाम करें आदि व्‍यवहारों को अपनाने से कैंसर से बचा जा सकता है।

Play sound