भाजपा के पूर्व पार्षद गोपाल मोदी का देवलोक गमन

जावरा (अभय सुराणा) । भारतीय जनता पार्टी के पूर्व पार्षद गोपाल मोदी (अग्रवाल) आयु 58 वर्ष का अहमदाबाद (गुजरात) के एक अस्पताल में इलाज के दौरान देवलोक गमन हो गया । स्वर्गीय श्री मोदी के निधन की खबर मिलते ही उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई। मृदुभाषी, मिलनसार एवं नगर की धार्मिक गतिविधियों में सदैव सक्रिय गोपाल मोदी कई वर्षों तक बोडिया कुआं हनुमान मंदिर प्रांगण स्थित व्यायामशाला के प्रमुख रहे । इसी के साथ गायत्री परिवार द्वारा आयोजित दोनों नवरात्रि में सामूहिक यज्ञ में सहभागी रहे । वर्ष 2010 में वार्ड नंबर 17 के पार्षद रहे इस दौरान वार्ड के विकास में लगातार सक्रिय बने रहे । गौ माता की सेवा और प्रत्येक धार्मिक जुलूस के स्वागत में सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभाई । अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोगों ने शामिल होकर मृत आत्मा को श्रद्धांजलि दी । मुखाग्नि युवा नेता अंकुश अग्रवाल एवं परिवारजनों ने दी ।आनंदी हनुमान मंदिर स्थित मुक्तिधाम पर शोक सभा आयोजित की गई जिसमें जावरा विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अनिल दसेडा, श्री त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर ट्रस्ट जावरा के अध्यक्ष शैलेंद्र पांडेय, श्री आनंदी हनुमान मंदिर मुक्तिधाम समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश ओस्तवाल, अटल ग्राम सामाजिक संगठन के संस्थापक अभय कोठारी, लायंस क्लब जावरा के पूर्व अध्यक्ष पवन मोदी, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन वीरेंद्र सिसोदिया (केवी), अग्रवाल महासभा अध्यक्ष मयंक अग्रवाल, अखिल भारतीय जूना दर्जी गुजराती समाज जावरा के अध्यक्ष नरेंद्र मकवाना, कांग्रेस पार्षद कन्हैयालाल हाड़ा, श्री लक्ष्मण त्रिमूर्ति व्यायामशाला जावरा के संजय शर्मा ने शाब्दिक भावांजलि व्यक्त की । शोक सभा का संचालन जगदीश राठौर ने किया ।

Play sound