जैन कॉन्फ्रेंस महिला शाखा के पदाधिकारियों ने संत-साध्वियों के दर्शन कर पाया आशीर्वाद

पूज्य समकितमुनिजी, जिनेन्द्रमुनिजी, महासाध्वी दिव्यप्रभाजी, जयश्रीजी म.स. के किए दर्शन

भीलवाड़ा, 11 मार्च। श्री ऑल इंडिया श्वेताम्बर स्थानकवासी जैन कॉन्फ्रेंस राजस्थान महिला शाखा की प्रान्तीय अध्यक्ष नीता बाबेल सहित कई पदाधिकारियों ने शनिवार 11 मार्च को विभिन्न स्थानों पर विराजित संत-साध्वीवृन्द के दर्शन कर उनका आशीर्वाद व मार्गदर्शन प्राप्त किया। महिला शाखा की प्रान्तीय अध्यक्ष नीता बाबेल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाड़जी मेहता, प्रान्तीय कोषाध्यक्ष सुमित्रा सिंघवी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजियादेवी डूंगरवाल, प्रचार-प्रसार मंत्री शकुन्तला खमेसरा ने सर्वप्रथम जैन समाज के प्रमुख तीर्थस्थल केसरियाजी (ऋषभदेव) पहुंच वहां उदयपुर से विहार करते हुए पहुंचे आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि डॉ. समकितमुनिजी म.सा. के दर्शन कर धर्मचर्चा की। केसरियाजी मंदिर परिसर में मुनिश्री के दर्शन करने के साथ उनकी विहार की सुखसाता भी पदाधिकारियों ने पूछी। मुनिश्री ने निरन्तर धर्मसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य करते रहने की प्रेरणा प्रदान की। श्रीमती बाबेल व अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि मुनिश्री ने भीलवाड़ा के शांतिभवन में जो जप-तप-भक्ति का ठाठ लगाते हुए जो एतिहासिक चातुर्मास सम्पन्न किया उसे श्रावक-श्राविकाएं कभी नहीं भूला पाएंगे। पदाधिकारियों ने पूज्य भवान्तमुनिजी म.सा. एवं पूज्य जयवंतमुनिजी म.सा. के भी दर्शन कर आशीष प्राप्त किया। केसरियाजी के बाद पदाधिकारियों ने उदयपुर पहुंच हिरणमगरी सेक्टर-4 क्षेत्र में विराज रही उपप्रवर्तिनी महासाध्वी दिव्यप्रभाजी म.सा. आदि ठाणा का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने पूज्य महासाध्वी की सेहत की जानकारी लेते हुए सुखसाता पूछी। महासाध्वी दिव्यप्रभाजी ने धर्मचर्चा करते हुए कहा कि जैन कॉन्फ्रेंस प्रान्तीय महिला शाखा विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करते हुए जिनशासन की प्रभावना कर रही है। जैन कॉन्फ्रेंस पदाधिकारियों ने सेक्टर-4 क्षेत्र में ही विराजित मेवाड़ चन्द्रिका महासाध्वी जयश्रीजी म.सा. आदि ठाणा के भी दर्शन लाभ प्राप्त किया। उन्होंने साध्वीवृन्द की सुखसाता पूछते हुए वंदना की। इस दौरान पूज्य महासाध्वी जयश्रीजी म.सा. के आगामी चातुर्मास चित्तौड़गढ़ खुलने की घोषणा पर भी कॉन्फ्रेंस पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए कहा कि इससे चित्तौड़ क्षेत्र के श्रावक-श्राविकाओं को धर्म प्रभावना का अवसर प्राप्त होंगा। प्रान्तीय अध्यक्ष नीता बाबेल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाड़जी मेहता, प्रान्तीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजियादेवी डूंगरवाल, प्रचार-प्रसार मंत्री शकुन्तला खमेसरा ने उदयपुर में ही हिरणमगरी सेक्टर-11 स्थित गणेशविहार में प्रवास कर रहे पूज्य गणेशमुनिजी म.सा. के सुशिष्य संत जिनेन्द्रमुनिजी के दर्शन-वंदना कर धर्मचर्चा का लाभ लिया। पूज्य मुनिश्री ने सभी के प्रति मंगलभावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जैन कॉन्फ्रेंस प्रान्तीय महिला शाखा भगवान महावीर का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरणादायी कार्य कर रही है।