समकितमुनिजी पहुंचे केसरियाजी जैन मंदिर, जैन कॉन्फ्रेंस पदाधिकारियों ने किए दर्शन

ऋषभदेव, 11 मार्च। मेरठ से पूना के लिए विहार यात्रा पर निकले श्रमणसंघीय सलाहकार भीष्म पितामह सुमतिप्रकाशजी म.सा. के सुशिष्य आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि डॉ. समकितमुनिजी म.सा. आदि ठाणा शनिवार को प्रसिद्ध जैन तीर्थ केसरियाजी (ऋषभदेव) पहुंच गए। उदयपुर हिरणमगरी सेक्टर-4 स्थानक में होली चातुर्मास सम्पन्न कर अब सूरत की दिशा में विहार कर रहे पूज्य समकितमुनिजी म.सा. शनिवार सुबह करीब 20 किलोमीटर विहार कर केसरियाजी जैन मंदिर पहुंचे। यहां श्री ऑल इंडिया श्वेताम्बर स्थानकवासी जैन कॉन्फ्रेंस राजस्थान महिला शाखा की प्रान्तीय अध्यक्ष नीता बाबेल सहित कई पदाधिकारियों ने पहुंच उनका आशीर्वाद व मार्गदर्शन प्राप्त किया। महिला शाखा की प्रान्तीय अध्यक्ष नीता बाबेल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाड़जी मेहता, प्रान्तीय कोषाध्यक्ष सुमित्रा सिंघवी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजियादेवी डूंगरवाल, प्रचार-प्रसार मंत्री शकुन्तला खमेसरा ने सर्वप्रथम जैन समाज के प्रमुख तीर्थस्थल केसरियाजी (ऋषभदेव) पहुंच वहां उदयपुर से विहार करते हुए पहुंचे आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि डॉ. समकितमुनिजी म.सा. के दर्शन कर धर्मचर्चा की एवं उनकी विहार की सुखसाता भी पूछी। मुनिश्री ने जैन कॉन्फ्रेंस पदाधिकारियों को निरन्तर धर्मसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य करते रहने की प्रेरणा प्रदान की। श्रीमती बाबेल व अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि मुनिश्री ने भीलवाड़ा के शांतिभवन में जो जप-तप-भक्ति का ठाठ लगाते हुए जो एतिहासिक चातुर्मास सम्पन्न किया उसे श्रावक-श्राविकाएं कभी नहीं भूला पाएंगे। पदाधिकारियों ने पूज्य भवान्तमुनिजी म.सा. एवं पूज्य जयवंतमुनिजी म.सा. के भी दर्शन कर आशीष प्राप्त किया।
उदयपुर के श्रावकों ने विहार सेवा का लिया लाभ
पूज्य समकितमुनिजी म.सा. आदि ठाणा की शनिवार को परसाद के नजदीक से ऋषभदेव तक विहार यात्रा में उदयपुर श्रमण संघ विहार सेवा से जुड़े सुश्रावक अनिल जारोली, नानालाल कोठारी, जितेन्द्र चपलोत, लोकेश कोठारी, मनीष पोखरना, मुकेश बोहरा, आजाद रामपुरिया आदि ने विहार सेवा का लाभ प्राप्त किया। मुनिश्री ने सभी के प्रति मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए उनकी विहार सेवा की अनुमोदना की। मुनिश्री के रविवार को ऋषभदेव से खेरवाड़ा क्षेत्र में विहार करने की भावना है। मुनिश्री आगे गुजरात क्षेत्र में प्रवेश करेंगे जहां उनकी सूरत पहुंच श्रमणसंघीय आचार्य श्रीशिवमुनिजी म.सा. की दर्शन की भावना है। महाराष्ट्र के नासिक में उनके सानिध्य में 23 अप्रेल को अक्षय तृतीया पर वर्षीतप पारणा महोत्सव होंगा। उनका वर्ष 2023 का चातुर्मास पूना के आदिनाथ जैन स्थानक भवन के लिए घोषित है।