
रतलाम । शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के डॉक्टर पी.सी. पाटीदार एवं डॉ. शंकुतला जैन को सेवानिवृत्ति पर महाविद्यालय परिवार द्वारा समारोह आयोजित कर भावभीनी बिदाई दी गई। कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम के गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पी.सी. पाटीदार एवं हिन्दी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शंकुतला जैन के सेवानिवृत्ति होने पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री वाई.के.मिश्र की अध्यक्षता में समारोह आयोजित कर सम्मान पूर्वक बिदाई दी गई। इस अवसर पर डॉ. मिश्र ने सम्बोधित करते हुए डॉ. पी.सी. पाटीदार एवं डॉ. शंकुतला जैन के शासकीय सेवाकाल में किए गए कार्यो एवं दायित्व के निर्वाहन की विशिष्टता एवं उपलब्धि के बारे में अवगत कराते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दी तथा डॉ. पाटीदार एवं डॉ. जैन को शाल श्रीफल एवं प्रतिक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
डॉ. पाटीदार ने अपने उदबोधन में महाविद्यालय में दी गई अपनी सेवाओं एवं कत्र्तव्य का निर्वाहन करने में अपने प्राध्यापक साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रकार डॉ. शंकुतला जैन ने अपने उदबोधन में महाविद्यालय में किए गए अपने कार्यो का श्रेय अपने विभाग को दिया एवं उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
बिदाई समारोह में डॉ. सी.एल. शर्मा , डॉ. भावना देशपाण्डे, प्रो. अनिल गुप्ता, डॉ. अमरीश हांडा, डॉ. इन्दु कटारिया, डॉ. ललिता मरमट एवं डॉ. व्ही. शास्त्री आदि ने अपने संस्मरण साझा किए। कार्यक्रम का संचालन रियाज अहमद मंसूरी ने किया एवं आभार डॉ. माया रानी देवड़ा ने माना। समारोह में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।