तीन वर्ष बाद नासिक में फिर गूंजेगी समकित की आध्यात्मिक वाणी

समकित यात्रा का 17 अप्रेल को नासिक प्रवेश, सजोड़ा लोगस्स जाप से होगा आगाज

शिवरिमाल (निलेश कांठेड़) । वर्ष 2019 का सफल चातुर्मास पूर्ण करने के करीब साढ़े तीन वर्ष बाद एक बार फिर महाराष्ट्र के नासिक में श्रमणसंघीय सलाहकार सुमतिप्रकाशजी म.सा. के सुशिष्य आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि, वाणी के जादूगर डॉ. समकितमुनिजी म.सा. की वाणी गूंजने वाली है। वर्ष 2022 का भीलवाड़ा शांतिभवन का एतिहासिक चातुर्मास एवं उदयपुर हिरणमगरी सेक्टर 4 में सफल होली चातुर्मास के बाद पूना चातुर्मास के लिए विहार यात्रा पर निकले पूज्य समकितमुनिजी म.सा., भवान्तमुनिजी म.सा. एवं पूज्य जयवंतमुनिजी म.सा. आदि ठाणा का 17 अप्रेल को नासिक प्रवेश होंगा। नासिक में मंगलमय प्रवेश के अवसर पर सजोड़ा लोगस्स जाप का आयोजन होगा। नासिक में समकित की यात्रा पुनः पहुंचने को लेकर श्रावक-श्राविकाओं में उत्साह का माहौल है और लोग मुनियों के भव्य आध्यात्मिक स्वागत की तैयारी कर रहे है। नासिक की दिशा में विहार यात्रा के तहत पूज्य समकितमुनिजी 11 अप्रेेल को शिवरिमाल पहुचे। यहां भीलवाड़ा से शांतिभवन श्रीसंघ के मंत्री राजेन्द्र सुराना भी धर्म सहायिका रेखा सुराना के साथ मुनिसेवा में उपस्थित हुए। उन्होंने पूज्य समकितमुनिजी म.सा. के दर्शन-वंदन करने के साथ आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान समकितमुनिजी म.सा. ने भीलवाड़ा चातुर्मास से जुड़ी आध्यात्मिक यादों की चर्चा करते हुए श्रीसंघ शांतिभवन द्वारा धर्म प्रभावना के लिए प्रदान की गई सेवाओं की सराहना की। श्री सुराना के साथ बारड़ोली श्रीसंघ के अध्यक्ष अशोक सिसोदिया ने भी पूज्य समकितमुनिजी म.सा. की वंदना कर आशीर्वाद लिया। वासदा के सुश्रावक सुरेश भाई भी अपनी टीम के साथ समकितमुनिजी का आशीर्वाद पाने पहुंचे। शिवरिमाल पहुंचे श्रावक-श्राविकाओं ने समकितमुनिजी के सुशिष्य गायनकुशल जयवंतमुनिजी म.सा. का जन्मदिवस होने से उन्हें वंदन करने के साथ आध्यात्मिक मंगलमय जीवन की शुभकामना की। पूज्य समकितमुनिजी म.सा. आदि ठाणा 12 अप्रेल बुधवार को सापूतरा पहुचेंगे। समकितमुनिजी के सानिध्य में 21 से 23 अप्रेल तक तीन दिवसीय अक्षय तृतीया वर्षीतप पारणोत्सव आयोजन जैन श्वेताम्बर स्थानकवासी श्रीसंघ आर के नासिक के तत्वावधान में होगा। पूज्य समकितमुनिजी का वर्ष 2023 का चातुर्मास पूना के आदिनाथ जैन स्थानक भवन के लिए घोषित है जहां चातुर्मासिक मंगल प्रवेश 25 जून को होगा।