रतलाम 11 अप्रैल 2023। बीते वित्तीय वर्ष 2022-23 में उद्योग विभाग के तहत विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों के क्रियान्वयन से जिले के औद्योगिक विकास में नए आयामों का सृजन हुआ है। जिले के औद्योगिक क्षेत्र में बदलाव नजर आते हुए नए रोजगारों का प्रादुर्भाव हुआ है। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में उद्योग विभाग द्वारा सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम के क्षेत्र में नए एंटरप्रेन्योर तथा अन्य उद्योगपतियों को शासन की योजना से मदद दी जाकर रतलाम के औद्योगिक परिदृश्य में बदलाव लाया गया है। इस बदलाव में राज्य शासन की सकारात्मक औद्योगिक नीति एवं औद्योगिक विकास योजनाओं का प्रबल योगदान है।
महाप्रबंधक उद्योगक श्री मुकेश शर्मा ने बताया कि उद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अन्तर्गत वर्ष 2022-23 में प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध 1544 प्रकरणों में 8898.44 लाख रुपए की स्वीकृति तथा 1460 प्रकरणों में 8482.39 लाख रुपए का ऋण वितरण किया गया है। योजनान्तर्गत ऋण वितरण में जिले ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम वर्ष 2022-23 में प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध 102 प्रकरणों में 456.55 लाख रुपए की मार्जिनमनी प्रकरणों में स्वीकृति तथा 64 प्रकरणों में 248.47 लाख रुपए की राशि मार्जिनमनी ऋण वितरण कर 106 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण किया गया।
जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित इकाईयों से 3 करोड 41 लाख 19 हजार 620 रुपए लीज रेंट, संधारण एवं अन्य मदों में राशि जमा करवाई गई है। जावरा के कुम्हारी औद्योगिक क्षेत्र में पांच भूखण्डों की ई-नीलामी के माध्यम से भूमि उद्योगों को आवंटित की गई है। इसी प्रकार जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में 12 इकाइयों को भूमि हस्तांतरित की गई है। औद्योगिक क्षेत्र रतलाम के सेक्टर ए में 139.45 लाख रुपए की राशि से सडको का निर्माण कर अधोसंरचना विकास कार्य करवाया गया है।
एमएसएमई प्रोत्साहन योजानान्तर्गत 57 इकाइयों को 1083.19 लाख रुपए राशि का अनुदान प्रदाय किया गया है जिससे नव उद्योगपतियों को अपने उद्योगों के सतत् संचालन में बडी मदद मिली है। जिले में 94 एमएसएमई इकाइयाँ स्थापित की गई हैं जिनमें 1720.05 लाख रुपए का पूंजी निवेश किया गया है, इनसे 493 व्यक्तियों को रोजगार प्राप्त हुआ।