सहजोड़ा लोगस्स जाप का होगा आयोजन, तीन दिवसीय अक्षय तृतीया वर्षीतप पारणोत्सव 21 से

नासिक 16 अप्रेल (निलेश कांठेड़) । भीलवाड़ा के शांतिभवन में पिछला एतिहासिक चातुर्मास सम्पन्न करने एवं उदयपुर हिरणमगरी सेक्टर-4 में सफल होली चातुर्मास के बाद आगामी चातुर्मास के लिए विहार यात्रा पर निकले श्रमणसंघीय सलाहकार सुमतिप्रकाशजी म.सा. के सुशिष्य आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि, वाणी के जादूगर डॉ. समकितमुनिजी म.सा. एक बार फिर महाराष्ट्र में नासिक की पावनधरा पर पहुंच गए है। वर्ष 2019 का सफल चातुर्मास पूर्ण करने के करीब साढ़े तीन वर्ष बाद 16 अप्रेल रविवार को समकितमुनिजी म.सा. आदि ठाणा दिंडोरी से विहार करते हुए नासिक पहुंच गए। यहां उनका प्रवास जैन स्थानक म्हसरूल में रहा। उनके दर्शन-वंदन के लिए दिनभर कई श्रावक-श्राविकाएं पहुंचे। नासिक में समकित की यात्रा पुनः पहुंचने को लेकर श्रावक-श्राविकाओं में उत्साह का माहौल है। आगममर्मज्ञ पूज्य समकितमुनिजी म.सा., प्रेरणाकुशल भवान्त मुनिजी म.सा., गायनकुशल जयवंत मुनिजी म.सा. आदि ठाणा 17 अप्रेल सोमवार को नासिक के आरके स्थानक में मंगलप्रवेश करेंगे। प्रवेश के अवसर पर सह जोड़ा लोगस्स जाप का आयोजन होगा। अक्षय तृतीया पारणा महोत्सव के लिए आगमन होने के उपलक्ष्य में जैन श्वेताम्बर स्थानकवासी श्रीसंघ आर के नासिक के तत्वावधान में समकितमुनिजी म.सा. के प्रवचन 18 से 23 अप्रेल तक सुबह 9 से 10 बजे तक होंगे। प्रवचन का विषय आदिनाथ भगवान कथा रहेगा। पूज्य समकितमुनिजी के सानिध्य में 21 से 23 अप्रेल तक तीन दिवसीय अक्षय तृतीया वर्षीतप पारणोत्सव आयोजन होगा। पूज्य समकितमुनिजी का वर्ष 2023 का चातुर्मास पूना के आदिनाथ जैन स्थानक भवन के लिए घोषित है जहां चातुर्मासिक मंगल प्रवेश 25 जून को होगा।