- भक्तामर स्त्रोत पाठ के साथ अक्षय तृतीया वर्षीतप महोत्सव का शुभारंभ
- श्री सौभाग्य तीर्थ में होंगे दो दिवसीय आयोजन


रतलाम, 21 अप्रैल। श्री धर्मदास जैन मित्र मण्डल ट्रस्ट, श्री सौभाग्य जैन साधना एवं जनकल्याण न्यास,, श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मण्डल, श्री सौभाग्य प्रकाश युवक मण्डल, श्री सौभाग्य महिला मण्डल, श्री सौभाग्य अणु बहु मंडल, श्री सौभाग्य अणु भक्त मंडल एवं श्री सौभाग्य प्रकाश बालिका के तत्वावधान में तीन दिवसीय अक्षय तृतीया वर्षीतप पारणा महोत्सव का शुभारंभ भक्तामर स्त्रोत के पाठ से हुआ। श्रमण संघीय प्रवर्तक श्री प्रकाशमुनि जी मसा की निश्रा में महोत्सव के दो दिवसीय आयोजन 22 एवं 23 अप्रैल को सागोद रोड स्थित श्री सौभाग्य तीर्थ में होंगे।
नोलाईपुरा स्थित श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल स्थानक में शुक्रवार सुबह भक्तामर स्त्रोत पाठ के बाद ड्रा खोले गए। इनमें भाग्यशाली आराधकांे में एक सोने की चेन, पांच सोने के सिक्के और दस चांदी के सिक्के प्रदान किए गए। इससे पूर्व प्रवचन में प्रवर्तश्री ने जीवन में आग्रह और अपेक्षा नहीं रखने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि आग्रह और अपेक्षा से घर में अशांति, राग-द्वेष और कलह बना रहता है। इसलिए इनसे बचे और शांत-चित्त भाव से भक्ति करे। भक्ति में लीनता होगी, तो शांति और प्रसन्नता मिलेगी। धर्म और प्रार्थना के शब्दों का अर्थ जानकर जीवन में उनका अनुसरण करना चाहिए। इससे प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा। प्रवचन के दौरान अभिग्रहधारी श्री राजेशमुनिजी मसा ने भी विचार रखे। संदीप चौरडिया ने महोत्सव के अंशधारकों की जानकारी दी। संचालन रखब चत्तर एवं सौरभ मूणत ने किया। अंत में प्रभावना का वितरण रोशनलाल चौरडिया एवं शांतिलाल-भंवरबाई पौखरना परिवार द्वारा किया गया।
श्री संघ के प्रकाश मूणत ने बताया कि सौभाग्य तीर्थ में लाभार्थी मधुबाला-दिलीपकुमारजी गंग परिवार द्वारा आयोजित पारणा महोत्सव में 22 अप्रैल को सुबह प्रवचन, दोपहर 2 बजे से चौबीसी एवं शाम 7 बजे भव्य भक्ति का कार्यक्रम होगा। इसी प्रकार 23 अप्रैल को सुबह 8-30 बजे आलोचना पाठ एवं व्याख्यान, 10 बजे पारणा एवं 11 बजे से स्वामी वात्सल्य रखा गया है। महोत्सव में अभिग्रहधारी श्री राजेशमुनिजी मसा, सेवाभावी श्री राजेन्द्र मुनिजी मसा, श्री दर्शनमुनिजी मसा एवं श्री जिज्ञासा श्रीजी मसा सहित 75 से अधिक आराधक वर्षीतप की दीर्घ तपस्या पूर्ण कर पारणा करेंगे। महोत्सव में रतलाम और मालवा-निमाड के अलावा राजस्थान महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ के विभिन्न स्थानों के तपस्वी शामिल होंगे।
अहिंसा से स्थापित होगी विश्व में शांति -सांसद श्री डामोर
सांसद गुमानंिसंह डामोर ने श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल स्थानक में प्रवर्तकश्री आदि ठाणा के दर्शन-वंदन कर आर्शीवाद लिया। इस मौके पर श्री धर्मदास जैन मित्र मण्डल ट्रस्ट एवं युवक मंडल के रमणलाल बोहरा, कन्हेैयालाल गांधी, मनीष मंडलेचा, महेन्द्र गंाग, निलेश मेहता, राजेश बोरदिया लोकेश मेहता अनुराग भरगट आदि ने उनका बहुमान किया।
सांसद श्री डामोर ने इस मौके पर कहा कि वे और उनका परिवार प्रतिदिन नवकार महामंत्र का जाप करते है। जैन धर्म का पालन ही नहीं उसका सर्वत्र प्रचार भी करते है। भगवान महावीर स्वामी ने जो मार्ग बताया है, वे श्रेष्ठतम मार्ग है। अहिंसा से पूरे विश्व में शांति स्थापित की जा सकती है। इसलिए सबकों देश और दुनिया में अहिंसा का वातावरण निर्मित करना चाहिए। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि विक्रमसिंह लुनेरा, राजेन्द्र पाटीदार, शांतिलाल पाटीदार आदि मौजूद रहे।