पेयजल व्यवस्था के संबंध में मंडल अध्यक्ष महापौर से मिले

रतलाम 27 अप्रैल । ग्रीष्म ऋतु में शहर में पेयजल वितरण को लेकर आ रही परेशानियों निदान हेतु मंडल अध्यक्षों ने महापौर श्री प्रहलाद पटेल व जलकार्य एवं सीवरेज समिति प्रभारी श्री भगतसिंह भदौरिया से चर्चा की।
महापौर माननीय श्री प्रहलाद पटेल को मंडल अध्यक्ष सर्वश्री मयूर पुरोहित, निलेश गांधी, विनोद यादव, आदित्य डागा ने अवगत कराया कि ग्रीष्म ऋतु में नागरिकों को अधिक पेयजल की आवश्यकता रहती है वर्तमान में शहर के कई क्षेत्रो में कम दबाव से पेयजल उपलब्ध हो रहा साथ ही पेयजल वितरण का समय भी अनियमित है।
मंडल अध्यक्षों ने यह भी अवगत कराया कि कई स्थानों पर वॉल्व व पेयजल पाईप लाईन में लीकेज है उन्हे तत्काल दुरस्त कराया जाये ताकि पानी का अपव्यय को रोका जा सकें साथ ही पाईप लाईन विहिन क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाये।
महापौर श्री पटेल व जलकार्य तथा सीवरेज समिति प्रभारी श्री भदौरिया ने उपयंत्री श्री बी.एल. चौधरी व श्री सुहास पंडित को निर्देशित किया कि नगर की पेयजल टंकी पर्याप्त मात्रा में भरी जाये ताकि उच्च दबाव से पेयजल उपलब्ध हो इस हेतु टंकी पर कार्य करने वाले व वॉल्व मेनों को मुस्तैद किया जाये।
इसके अलावा उन्होने यह भी निर्देश दिये कि लीकेज दुरस्ती का कार्य तत्परता से कराया जाये, पेयजल के समय में परिवर्तन होने पर वार्ड पार्षद व नागरिकों को सूचना दी जाये। इस अवसर पर महापौर परिषद सदस्य श्री अक्षय संघवी, श्री रामूभाई डाबी आदि उपस्थित थे।