रतलाम 06 मई 2023। इस वर्ष भी जिले में लाडली लक्ष्मी उत्सव समारोह का आयोजन जिला नगरीय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा। आयोजन 9 मई से 15 मई तक होंगे, प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा निर्देशित किया गया कि कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह पूर्वक किया जाए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्री रजनीश सिन्हा ने बताया कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर विशेष स्वरुचि भोज का आयोजन होगा। उत्सव के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में स्थापित पोषण मटके के माध्यम से जन सहभागिता द्वारा खाद्य सामग्री प्राप्त की जाएगी। 9 मई को कक्षा आठवीं से 12वीं तक की लाडली बालिकाओं के लिए गठित लाडली लक्ष्मी क्लब की बैठक एवं विभिन्न गतिविधियां जैसे- इंडोर खेल प्रतियोगिता आदि आयोजित की जाएगी। 10 मई को मापदंडों के आधार पर ग्राम पंचायत लाडली लक्ष्मी फ्रेंडली ग्राम पंचायतें घोषित की जाएंगी, उनकी बैठक तथा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा। बालिकाओं के लिए आउटडोर खेल प्रतियोगिता होगी। 11 मई को लाडली बालिकाओं के लिए वित्तीय डिजिटल साक्षरता एवं साइबर क्राइम प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। निबंध प्रतियोगिता, कविता पाठ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 12 मई को लाडली बालिकाओं की स्वास्थ्य जांच, किशोरी स्वास्थ्य सुरक्षा की जानकारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 13 मई को डाक घर, पुलिस थाना, अनुविभागीय कार्यालय आदि स्थानों का भ्रमण बालिकाओं को कराया जाएगा। लोकगीत एवं प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 14 मई को अभियान के माध्यम से बालिकाओं का ईकेवाईसी किया जाएगा। 15 मई को चित्रकला प्रतियोगिता एवं शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाली बालिकाओं का चयन करके लाडली बालिकाओं को जिले से बाहर प्रदेश में किसी ऐतिहासिक स्थान नेशनल पार्क या प्रसिद्ध स्थान पर अध्ययन भ्रमण कराया जाएगा।