कर्तव्य फाउंडेशन की अनूठी पहल, जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान और बच्चों के जीवन में मिठास बिखेरेगी दीपावली

‘मिशन घर की लक्ष्मी 7.0’ के तहत शुरू हुआ वस्त्र वितरण, वहीं ‘मिशन मिठास’ से 11,111 लड्डुओं की मिठास पहुंचेगी जरूरतमंद बच्चों तक

रतलाम, 1 नवम्बर। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और दूसरों के जीवन में उजाला लाने का संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए कर्तव्य फाउंडेशन रतलाम द्वारा इस वर्ष भी सेवा और संवेदनशीलता की अनूठी पहल की जा रही है। फाउंडेशन द्वारा दीपावली के अवसर पर ‘मिशन घर की लक्ष्मी 7.0’ एवं ‘मिशन मिठास’ के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों और वंचित बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने का संकल्प लिया गया है।
कर्तव्य फाउंडेशन द्वारा ‘मिशन घर की लक्ष्मी 7.0’ के अंतर्गत जरूरतमंद परिवारों के लिए वस्त्र वितरण कार्यक्रम आज प्रातः 7:30 बजे से विधायक क्रीड़ा केंद्र, संत कंवरराम नगर, वीरियाखेड़ी, जवाहर स्कूल के सामने, रतलाम से प्रारंभ हुआ ।
वहीं दीपावली को जरूरतमंद बच्चों के लिए यादगार बनाने के उद्देश्य से फाउंडेशन द्वारा ‘मिशन मिठास’ अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से 11,111 लड्डुओं का वितरण कर वंचित बच्चों के जीवन में मिठास, खुशियां और मुस्कान बांटने का लक्ष्य रखा गया है।
फाउंडेशन का मानना है कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग उसमें सहभागी बने और जरूरतमंदों के घरों में भी खुशियों का दीप जले।
इस मिशन के समन्वयक ध्रुव पाल, वंदन पितलिया, वंशिका दख एवं श्रेष्ठ संघवी हैं। फाउंडेशन के जय तलेरा, तनु बाफना, यश मूणत, यश मित्तल आदि ने बताया कि हमारा ध्येय वाक्य ‘समाज की समृद्धि हमारा कर्तव्य’ इन दोनों अभियानों की भावना को दर्शाता है। फाउंडेशन ने समाज के सभी सेवाभावी नागरिकों से इन अभियानों में सहयोग और सहभागिता करने की अपील की है, ताकि दीपावली की खुशियां अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों और बच्चों तक पहुंच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *