परीक्षा परिणाम जारी

रतलाम 25 मई 2023। गुरुवार को हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी, व्यावसायिक परीक्षा वर्ष 2023 का परीक्षा परिणाम माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल द्वारा आनलाईन बोर्ड की साइट पर जारी किया गया है जिसमें जिले की शा. उत्कृष्ट उ.मा.वि. रतलाम के छात्र अक्षत भावसार पिता राजेश भावसार ने प्रदेश की हाईस्कूल की प्रावीण्य सूची में प्रथम दस में नौवा स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार हायर सेकेण्डरी कक्षा 12 वीं में शा. उत्कृष्ट उ.मा.वि. रतलाम की छात्रा कु. दीक्षिता जैन पिता प्रमोद जैन (कला समूह) द्वारा प्रदेश की हायर सेकेण्डरी की प्रावीण्य सूची में प्रथम पांचवां स्थान प्राप्त किया।
उक्त छात्रों के अतिरिक्त जिले की अशासकीय आक्सफोर्ड पब्लिक उ.मा.वि. जावरा की छात्रा कु. आशी राठौड पिता जितेन्द्र राठौड (विज्ञान-गणित समूह), मोहित धनोतिया पिता राजेश धनोतिया (वाणिज्य समूह), आयुष शाह पिता रामनिवास शाह (जीव विज्ञान समूह) द्वारा भी प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया गया है जिस पर कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा उक्त छात्र-छात्राओं को बधाई दी गई एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। प्राचार्य शा. उत्कृष्ट उ.मा.वि. एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा उक्त छात्र-छात्राओं को बधाई दी गई। जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा ने बताया कि जिले का हाईस्कूल कक्षा 10 वीं का परीक्षा परिणाम 60.09 प्रतिशत रहा एवं हायर सेकेण्डरी कक्षा 12 वीं का परीक्षा परिणाम 53.95 प्रतिशत रहा एवं जिसमें छात्राओं के परीक्षा परिणाम का प्रतिशत अधिक रहा।

Play sound