रतलाम । जिला शिक्षा समिति की बैठक आज जिला पंचायत सभागृह जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष श्री केशुराम निनामा की अध्यक्षता में आयोजित की गई । जिसमें सैलाना एवं बाजना क्षैत्र के प्राचार्यो से विभिन्न बिन्दुओं पर विचार विमर्श किया गया ।
बैठक में इस सत्र में घोषित रिजल्ट न्यूनतम 0 से 30 प्रतिशत रहने पर उपस्थित सम्बंधित प्राचार्यो पर नाराजगी व्यक्त की गई साथ ही । जिम्मेदार जनशिक्षकों एवं शिक्षकों पर कार्यवाही हेतु सहायक आयुक्त प्रभारी को निर्देशित किया गया तथा जिन संस्थाओं का रिजल्ट 70 प्रतिशत या उससे अधिक रहा उन संस्थाओं का बैठक में उपस्थित जनों द्वारा ताली बजाकर स्वागत किया गया। भवन विहीन एवं जर्जर शालाओं के भवन निर्माण के तहत उपस्थित प्राचार्यो द्वारा भवन बनाए जाने की मांग रखी गई एवं कई शालाओं में पेयजल व्यवस्था नहीं होने के बारे में अवगत कराया गया । इस सम्बंध में श्री निनामा द्वारा सम्बंधित विभाग को अवगत करवाकर समस्या का शीघ्र समाधान किए जाने हेतु कहा गया। उपस्थित प्राचार्यो द्वारा अवगत कराया गया कि जन शिक्षकों द्वारा सतत मॉनिटरिंग नहीं की जा रही है कई संस्थाओं में जनशिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई जिस पर जन शिक्षकों की नियुक्ति की कार्यवाही हेतु सम्बंधित जिला शिक्षा केन्द्र को कार्यवाही हेतु अवगत करवाया गया। जन शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति शासन नियमानुसार 3 वर्ष के लिए की जाती है । 3 वर्ष उपरांत नवीन जनशिक्षक की प्रतिनियुक्ति की जाती है। कई जन शिक्षक 3 वर्ष से अधिक होने पर भी कार्य कर रहे है उनकी प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त कर नवीन प्रतिनियुक्ति जन शिक्षकों की जाने के सम्बंध में डीपीसी को निर्देशित किया गया है ।
शिक्षा विभाग व जिला शिक्षा केन्द्र से संबंधित विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं के बारे में जिला शिक्षा अधिकारी के.सी. शर्मा, डीपीसी मोहनलाल सांसरी को बैठक में जानकारी दी गई तथा समस्याओं के समाधान हेतु प्राचार्यो को आश्वस्त किया गया ।
वहीं श्री निनामा द्वारा छात्रों को होस्टल में प्रवेश सम्बंधित आ रही परेशानियों को दूर कर उन्हें होस्टल में प्रवेश दिलवाए जाने हेतु निर्देशित किया गया ।
बैठक सहायक आयुक्त आदिवासी विकास प्रभारी श्रीमती प्रीति जैन एवं बाजना, सैलाना के प्राचार्य व सम्बंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।