समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिये निर्देश

रतलाम 14 जून । निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने निगम आयुक्त श्री एपीएस गहरवार के साथ नगर निगम के लोक निर्माण विभाग, जलप्रदाय विभाग के तकनीकि अधिकारी एवं कर्मचारियों व अन्य विभाग प्रमुखों की बैठक लेकर कार्य में गति लाये जाने के निर्देश दिये।
निगम अध्यक्ष श्रीमती शर्मा ने सर्वप्रथम नव नियुक्त उपयंत्री व समयपाल से परिचय प्राप्त कर आशा व्यक्त की कि वे सौंपे गये कार्यो को पुरी निष्ठा, लगन व ईमानदारी से पूर्ण करेंगे।
आयोजित बैठक में निगम अध्यक्ष श्रीमती शर्मा ने निगम के सभी विभागों के कार्यो की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग द्वारा किये जाने वाले कार्य गुणवत्तापूर्ण व समय-सीमा में पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये।
इसके अलावा ग्रीष्म ऋतु में नगर के सभी नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो इसकी सुनिश्चित्ता करने व अमृत मिशन के तहत धोलावाड़ में नवीन मोटर पम्प लगाने का कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिये। आयोजित बैठक में कार्यपालन यंत्री सर्वश्री सुरेशचन्द्र व्यास, जी.के. जायसवाल, मोहम्मद हनीफ शेख, सहायक यंत्री श्री श्याम सोनी, निगम सचिव श्री बी.एल. चावरे व नव नियुक्त उपयंत्री व समयपाल उपस्थित थे।