रतलाम 24 जून 2023/ जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की विशेष बैठक गत दिवस कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े द्वारा शासन प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा बैंकवार की गई समीक्षा में पाया गया कि बैंक शाखाओं द्वारा ऋण प्रकरणों को तत्पर तरीके से निरस्त कर दिया जाता है जबकि उसी तेजी से स्वीकृति वितरण नहीं किया जाता है। इस पर श्रीमती भिड़े द्वारा सख्त नाराजगी व्यक्त की गई। बैठक में उद्योग महाप्रबंधक श्री मुकेश शर्मा भी उपस्थित थे।
श्रीमती जमुना भिड़े द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि हितग्राहीमूलक योजनाओं के लक्ष्य शासन आवंटन अनुसार बैंकों में लगाएं। सभी जिला समन्वयक बैंक शाखा प्रबंधको से योजनाओं के ऋण प्रकरणों का शीघ्रता से स्वीकृति, वितरण की कार्रवाई करवाएं। सभी बैंक शाखा प्रबंधक योजनाओं के लंबित प्रकरणों का 28 जून तक अधिक से अधिक संख्या में स्वीकृति की कार्रवाई करें ताकि 30 जून को आयोजित होने वाले स्वरोजगार दिवस कार्यक्रम में हितलाभ वितरण किए जा सके। सभी अधिकारियों द्वारा बैंक शाखा प्रबंधकों को यह भी निर्देशित किया गया कि हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी अपडेट लेकर आगामी 28 जून को शाम 5:00 बजे उपस्थित हो ताकि 30 जून को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम के लिए कार्ययोजना बनाई जा सके।