सामूहिक तेला तप की साधना से जुड़ने की लगी होड़, प्रवचनमाला में गूंजेगी समकित की वाणी

आदिनाथ सोसायटी पुणे के धर्म प्रांगण में शनिवार से शुरू होंगे चातुर्मासिक आयोजन

पूना 30 जून (निलेश कांठेड़) । चातुर्मास की विधिवत स्थापना 2 जुलाई को होगी लेकिन उससे एक दिन पूर्व एक जुलाई से ही पुण्यनगरी पूना के आदिनाथ सोसायटी जैन स्थानक भवन में श्रमणसंघीय सलाहकार सुमतिप्रकाश महारासा के सुशिष्य आगमज्ञाता प्रज्ञामहर्षि श्री डॉ. समकितमुनि महारासा आदि ठाणा-5 के सानिध्य में चातुर्मासिक धर्म गंगा प्रवाहित होना शुरू हो जाएगी। इसका भव्य आगाज एक जुलाई से सामूहिक तेला तप आराधना से होने जा रहा है। इस दिन सामूहिक उपवास के प्रत्याख्यान होंगे। समकितमुनिजी म.सा. के सानिध्य में प्रवचनमाला ‘कहानी द्रोपदी की, कहानी कर्म की’ एक जुलाई से शुरू होगी। प्रवचन प्रतिदिन सुबह 8.45 से 9.45 बजे तक होगा। मुनिश्री के अनुसार ये कहानी द्रोपदी की नहीं होकर हम सभी की है। जब तक कर्म कहानी समझ में नहीं आएगी तब तक कर्म से मुक्त नहीं हो सकेंगे। पूना में पहली बार 1008 सामूहिक तेला तप से चातुर्मासिक आगाज का लक्ष्य रखा गया था लेकिन पूना नगरी में समकित की यात्रा पहुंचने के बाद पूज्य समकितमुनिजी की वाणी का जादू ऐसा चला है कि हर कोई तपस्या के इस महायज्ञ में सहभागी बनने के लिए आतुर हो चला है। मुनिश्री के आशीर्वाद एवं प्रेरणाकुशल भवान्तमुनिजी के घर-घर जाकर दी गई प्रेरणा का ही प्रभाव कहा जाएगा कि 1008 तेले का लक्ष्य पीछे छूट चुका है और जो उत्साह श्रावक-श्राविकाओं में तेला तप महाकुंभ को लेकर झलक रहा है उससे माना जा रहा है कि तेला तपस्वियों की संख्या 1400 तक भी पहुंच सकती है। पूज्य समकितमुनिजी म.सा. के गत भीलवाड़ा शांतिभवन चातुर्मास का आगाज 751 सामूहिक तेला तप से हुआ था। इस बार पूनावासी तपस्या का ये आंकड़ा भी पीछे छोड़ने को बेताब लग रहे है। तेला तप के दूसरे दिन 2 जुलाई को चातुर्मास की विधिवत शुरूआत होगी। तीसरे दिन तीन जुलाई को गुरू पूर्णिमा पर्व पर तपस्वी सामूहिक तेले का प्रत्याख्यान धर्मसभा के दौरान लेंगे। कई युवा दंपतियों ने तेला तप के लिए नाम दिए है। पूज्य समकितमुनिजी की प्रेरणा से कई युवा तो जीवन का पहला तेला तप करेंगे। आदिनाथ स्थानकवासी जैन भवन ट्रस्ट पूना के अध्यक्ष सचिन रमेशचन्द्र टांटिया ने बताया कि तेला तप करने जा रहे सभी तपस्वियों की संघ हार्दिक अनुमोदना करता है। तपस्वियों के सामूहिक पारणे की व्यवस्था 4 जुलाई को श्रीसंघ की ओर से रहेगी।
प्रतिदिन रात 8.30 बजे से सर्वोतभद्र चौमुखी जाप
श्री आदिनाथ स्थानक भवन में आगममर्मज्ञ, प्रज्ञामहर्षि, वाणी के जादूगर पूज्य श्री समकितमुनिजी म.सा. आदि ठाणा के सानिध्य में 2 जुलाई से चातुर्मास का विधिवत आगाज होने के साथ आत्मकल्याण के लक्ष्य से प्रतिदिन रात 8.30 से 9.30 बजे तक सर्वोतभद्र चौमुखी जाप का आयोजन होगा। दशो दिशाओं से कल्याण को बुलाने एवं पॉजीटिव एनर्जी खींचने वाले सर्वोतभद्र चौमुखी जाप को लेकर भी पूनावासियों में उत्साह का माहौल है और सभी इससे सपरिवार जुड़ने की भावना जाहिर कर रहे है। चातुर्मास में प्रतिदिन सूर्योदय के समय प्रभु प्रार्थना के साथ प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से स्वाध्याय एवं सूर्यास्त से प्रतिक्रमण होगा। जीवन में हर मोड़ पर खुशियां आपका स्वागत करे इसके लिए 8 से 25 जुलाई तक 18 दिवसीय पुण्य कलश आराधना का आयोजन होगा। इसके तहत एक दिन उपवास एवं एक दिन बिआसना इस प्रकार 18 दिन विधिपूर्वक आराधना होगी। चातुर्मास में प्रत्येक शुक्रवार को एकासना तप के साथ प्रत्येक रविवार को विशेष प्रवचन होगा। चातुर्मासकाल में प्रति चतुर्दशी को लोगस्स आराधना होगी। इसका आगाज 16 जुलाई को चतुर्दशी से होगा।