जिले में स्कूल चले हम अभियान प्रारंभ हुआ

आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री भरत यादव जिले आकर सम्मिलित हुए

रतलाम । रतलाम जिले में भी 17 जुलाई को स्कूल चले हम अभियान सभी स्कूलों में प्रारंभ हुआ। सभी स्कूलों में इस दौरान कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश के नगरीय प्रशासन आयुक्त श्री भरत यादव रतलाम जिले में आकर स्कूल चले हम अभियान में सम्मिलित हुए। इस दौरान श्री यादव सैलाना के सीएम राइस स्कूल तथा कन्या शिक्षा परिसर में पहुंचकर अभियान का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा, एसडीएम श्री मनीष जैन, डीपीसी श्री मोहनलाल सांसरी आदि उपस्थित थे।
इस दौरान नगरीय प्रशासन आयुक्त श्री यादव ने छात्राओं से चर्चा की, राज्य शासन की सकारात्मक नीतियों की जानकारी दी। शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। विद्यार्थियों को शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं पर चर्चा की। उन्होंने अपने संबोधन में छात्राओं की जिज्ञासाओं को शांत किया। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है, आप अपने कैरियर में मेहनत के बल पर जो चाहे वह पा सकते हैं। स्वयं के शैक्षणिक अनुभव बताते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को संपूर्ण व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देना चाहिए। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, मनोरंजन पर भी ध्यान देना चाहिए। आप भविष्य में किसी भी क्षेत्र में जाना चाहे, उसके लिए जरूरी है कि अनुशासन के साथ मेहनत करें। अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी बगैर किसी झिझक के अपने कैरियर की दिशा में आगे बढ़े।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए हर स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। साइकिल, ड्रेस, स्कॉलरशिप, पुस्तकों से लेकर अच्छे गुणवत्ता वाले स्कूलों की उपलब्धता मुख्यमंत्री ने सुनिश्चित कर दी है। विद्यार्थी मन लगाकर पढ़ाई करें, अपनी मेहनत से अपने कैरियर को संवारे तथा अपना और अपने प्रदेश का नाम रोशन करें।स्कूल चले हम अभियान के दौरान जिले के प्रत्येक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित हुए।
अभियान के तहत कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा जिला अधिकारियों को भी स्कूलों का दायित्व सौंपा गया जहां अधिकारी पहुंचकर अभियान में सम्मिलित हुए। बच्चों का उत्साहवर्धन किया पठन-पाठन करवाया। इस अवसर पर सीएम राइस स्कूल में नगरीय प्रशासन आयुक्त श्री यादव तथा पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल ने पौधारोपण भी किया।