स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत उज्जैन रेलवे स्टेशन पर चलाया गया महास्वच्छता अभियान

नैत्विक सोशल वेलफेयर सोसायटी के 350 से अधिक स्वयंसेवकों सहित 550 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने लिया भाग

रतलाम/इंदौर, 20 सितंबर। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर 17 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक मनाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों, कार्यालयों, कोचिंग डिपो, लोकोमोटिव केयर सेंटर, कार्यशालाओं, मरम्मत इकाइयों, चिकित्सा इकाइयों एवं अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान के दौरान गंदे एवं चिन्हित स्थानों की सफाई के साथ-साथ नुक्कड़ नाटक, रैली, बैनर, पोस्टर एवं अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से यात्रियों, रेल कर्मचारियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा रतलाम मंडल के रतलाम, उज्जैन, इंदौर, देवास, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, जावरा, सीहोर, दाहोद, मेघनगर, शुजालपुर, मक्सी, डॉ. अम्बेडकर नगर, लक्ष्मीबाई नगर सहित मंडल के सभी स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही इंदौर एवं डॉ. अम्बेडकर नगर स्थित कोचिंग डिपो, मंडल रेलवे चिकित्सालय रतलाम एवं अन्य चिकित्सा इकाइयों, लोकोमोटिव केयर सेंटर रतलाम तथा इंजीनियरिंग, सिग्नलएवं टेलीकॉम, विद्युत, यांत्रिक सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों में भी विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 20 सितंबर 2026 को उज्जैन रेलवे स्टेशन पर महास्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक, रतलाम श्री अश्वनी कुमार केमार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती हीना वी. केवलरामानीके निर्देशन में आयोजित इस अभियान में मंडल रेल प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर स्टेशन परिसर में व्यापक स्तर पर स्वच्छता कार्य किया।
इस महास्वच्छता अभियान में नैत्विक सोशल वेलफेयर सोसायटी, उज्जैन के स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। सोसायटी की डायरेक्टर डॉ. श्वेता शर्मा की उपस्थिति में उज्जैन की स्काउट-गाइड टीम, रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी, रेलवे कर्मचारी, विभिन्न ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारी, कैटरिंग संचालक एवं लाइसेंसी वेंडर भी अभियान में शामिल हुए। अभियान में नैत्विक सोशल वेलफेयर सोसायटी के 350 से अधिक स्वयंसेवकों तथा रेलवे एवं अन्य संगठनों के 200 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लोगों सहित कुल 550 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान प्रारंभ होने से पूर्व मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान में भाग लेने वाले सभी स्वयंसेवकों, रेलवे कर्मचारियों एवं अन्य सहयोगियों की सराहना की। साथ ही, रेलवे स्टेशन एवं ट्रैक क्षेत्र में सफाई कार्य के दौरान ट्रेनों के आवागमन को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के संबंध में भी सभी को जानकारी दी गई।
महास्वच्छता अभियान के दौरान उज्जैन रेलवे स्टेशन के सभी 8 प्लेटफॉर्म, 4 फुट ओवर ब्रिज, दोनों ओर के सर्कुलेटिंग एरिया, रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित ड्रेनेज सिस्टम, प्लेटफॉर्म एवं कवर शेड सहित विभिन्न हिस्सों में व्यापक सफाई की गई। प्लेटफॉर्म एवं कवर शेड में लगे मकड़ी के जालों को हटाया गया तथा ट्रैक के किनारे उगी गाजर घास एवं अन्य अवांछित वनस्पतियों की सफाई की गई। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं अन्य स्थानों की भी साफ-सफाई की गई।
इस दौरान स्टेशन परिसर के ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां सामान्य दिनों में यात्रियों की आवाजाही अधिक रहती है। प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई करस्वच्छ एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। अभियान में रेलवे कर्मचारियों के साथ सामाजिक संगठन, स्काउट-गाइड, सेवानिवृत्त कर्मचारी, यूनियन प्रतिनिधि, कैटरिंग संचालक एवं लाइसेंसी वेंडरों की सहभागिता ने ‘स्वच्छता जनभागीदारी’ के संदेश को और मजबूत किया। रतलाम मंडल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए रेलवे परिसरों में निरंतर स्वच्छता, स्वच्छ व्यवहार एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन से भी अपील की जा रही है कि वे रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा अन्य यात्रियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ रेल—यही ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का प्रमुख उद्देश्य है, जिसके लिए रतलाम मंडल द्वारा विभिन्न स्तरों पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *