- जहां अध्ययन किया, वहां सौभाग्य से मिलता है कर्तव्य पालन का अवसर- विधायक काश्यप
- विधायक काश्यप और समाजसेवी टी एस अंकलेसरिया का अभिनंदन


रतलाम 05 अगस्त । हमने जहा विद्या अध्ययन किया हो, वहां के प्रति कर्तव्य पालन का अवसर बडे सौभाग्य से मिलता है। शिक्षा के क्षेत्र में जब नित नए आयाम बने, तब श्री गुजराती समाज ने सफलतापूर्वक स्कूल संचालन कर अनुकरणीय कार्य किया है। समाज से बडा कुछ नहीं होता, उसकी सेवा कर समाजसेवी टी एस अंकलेसरिया ने मिसाल पेश की है।
यह बात शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने न्यू रोड स्थित श्री गुजराती समाज इंगलिश मीडियम स्कूल में नवनिर्मित भवन और प्रयोगशाला का उदघाटन करते हुए कही। इस मौके पर विधायक श्री काश्यप और समाजसेवी टी एस अंकलेसरिया का स्कूल समिति ने अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष किशोर भाई खिलोसिया, ट्रस्टी हसमुखभाई शाह,डॉ कीर्ति शाह,सचिव शंकर भाई पटेल,कोषाध्यक्ष सुरेश भाई शाह, प्राचार्य संजय राज दुबे, भूमिका क्रिस्टी, राजश्री जोशी, पार्षद शबाना खान एवं हीना बेन उत्सव मेहता मंचासीन रही।
श्री काश्यप ने अपने स्कूल जीवन का संस्मरण सुनाते हुए कहा कि पहले गुरू शिष्य को समझाइश के लिए सजा देतेे, तो उसका जीवन सुधर जाता था, लेकिन अब समय बदल गया है। शिष्य ही नहीं वरन पालकों में भी वह बात नहीं रही। बच्चो में सहन शक्ति नहीं होने का एकमात्र कारण यही है कि स्कूल में उन्हें वैसी समझाइश नहीं मिल रही। उनकी कामना है कि गुजराती स्कूल से भविष्य में ऐसे छात्र निकले, जो शहर का नाम रोशन करे।
श्री अंकलेसरिया ने इस मौके पर कहा कि खुशी की बात है कि आज शहर के प्रथम श्रेणी स्कूलों में गुजराती स्कूल शामिल है। उन्होनंे सम्मान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इससे पूर्व अध्यक्ष किशोर भाई खिलोसिया एवं ट्रस्टी हसमुखभाई शाह ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। समाज के वरिष्ठ हरगोविंद भाई ने श्री काश्यप को पत्र सौंपा। स्वागत उद्बोधन मयूर व्यास ने दिया। अतिथियों का स्वागत लालजी भाई पटेल परमानंद भाई,रमेश भाई चैहान ,भरत भाई राठौड, नवनीत भाई पटेल, हरीश भाई ठक्कर, हेमंत भाई पटेल आदि ने किया। कार्यक्रम का संचालन ग्लोरी गुडविन ने किया। आभार मीता सोलंकी ने माना।