कन्या शिक्षा परिसर में सांस्कृतिक आयोजन के साथ मना विश्व आदिवासी दिवस

रतलाम । शासकीय कन्या शिक्षा परिसर रतलाम में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रंजना सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं ने भाषण प्रतियोगिता में हिस्सा लिया । बालिकाओं ने आदिवासी नायकों के जीवन चरित्र पर प्रभावी विचार व्यक्त किए। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें आदिवासी जनजीवन पर आधारित नृत्य एवं नाटिका प्रस्तुत की गई ।
संस्था प्राचार्य श्री गणतंत्र मेहता ने विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि आदिवासी जनजीवन से सदैव प्रेरणा मिलती है। निरंतर श्रम के प्रति समर्पित और अपने लक्ष्य के प्रति मुस्तैद रहने से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे श्रेष्ठ शिक्षा प्राप्त कर अपने जीवन को उद्देश्य पूर्ण बनाएं । इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्य एवं विद्यार्थी मौजूद थे।