रतलाम,09 सितंबर। जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए फिर से जनता का आशीर्वाद प्राप्त करने निकली है। सरकार ने दो दशकों में लगातार जनहितैषी कार्य किए है और लगातार प्रदेश का चौतरफा विकास कार्य कर रही है। सरकार के इन कामों को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यकर्ता मीडिया, सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया सहित हर माध्यम से यात्रा के साथ जन-जन तक पहुंचने का प्रयास करे। यह बात जन आशीर्वाद यात्रा क्रमांक-4 के संयोजक बंशीलाल गुर्जर ने कही। रूद्र पैलेस में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने रतलाम जिले में यात्रा के लिए किए गए प्रबंध की प्रशंसा की और प्रदेश के सभी हिस्सों में यात्रा को मिल रहे जनसमर्थन को भाजपा की विशिष्ट उपलब्धि बताया। श्री गुर्जर बाद में यात्रा के साथ रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में रवाना हो गए। कार्यकर्ता बैठक में उनके साथ सांसद गुमान सिंह डामोर, ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा उपस्थित रहे।